गुरुग्राम। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक शुक्रवार को न्यूनतम व अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी जरूर हो गई, लेकिन हवाओं की गति कम होने से प्रदूषण से राहत नहीं मिली है। एक दिन पहले के मुकाबले शुक्रवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में 3 अंक की और बढ़ोतरी हो गई और समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक 367 पर पहुंच गया। बृहस्पतिवार को शहर का एक्यूआई 364 था।
जिले में शुक्रवार को सुबह के समय तो कोहरे का असर भी था, लेकिन धूप तेज होेने के साथ असर कम हुआ। बावजूद इसके प्रदूषण में कोई कमी नहीं आई और लगातार दूसरे दिन भी एक्यूआई 300 के पार दर्ज किया गया। प्रदूषण में बढ़ोतरी की एक बड़ी वजह हवाओं की गति कम होना भी है। दो दिन पहले तक जिले में हवाओं की गति 10 किलोमीटर प्रति घंटा थी, शुक्रवार को कम होकर महज 4 किमी प्रति घंटा रह गई। हवाओं की गति कम होने से पीएम-10 व पीएम 2.5 सरीखे प्रदूषणकारी कण सतह पर ही बने हुए हैं। यही वजह है कि दो दिनों से एक्यूआई लगातार बढ़ा हुआ है।
विकास सदन में हालात खराब
खास बात यह है कि दिन ढलने के साथ ही समग्र एक्यूआई और बढ़ने लगता है। इसी क्रम में शुक्रवार को भी शाम 4 बजे समग्र एक्यूआई 367 था जो शाम 5 बजे बढ़कर 371 पर पहुंच गया। शुक्रवार शाम 5 बजे सबसे ज्यादा प्रदूषण विकास सदन में रहा और यहां पर एक्यूआई 422 दर्ज किया गया। वहीं, टेरी ग्राम में एक्यूआई 320 दर्ज किया गया। ग्वाल पहाड़ी व सेक्टर-51 इलाके में भी हालात खराब रहे।