जिले में रिडिंग कल्चर होगा मजबूत, कक्षा-एक से तीसरी तक के विद्यार्थी होंगे शामिल
स्वरांजलि
गुरुग्राम। निपुण हरियाणा मिशन के तहत बच्चों में पढ़ने की आदत विकसित करने के लिए सोमवार से निपुण रिडिंग मंथ की शुरुआत की जा रही है। यह पहल निपुण गुरुग्राम मिशन और कम्युनिटी रेडियो स्टेशन गुड़गांव की आवाज 107.8 एफएम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में पढ़ने की रूचि बढ़ाना और जिले में रिडिंग कल्चर को मजबूत करना है।
पुस्तकालय से रेडियो तक पहुंचेगी आवाज
विभाग की ओर से सभी सरकारी विद्यालयों के शिक्षकों से अपील की गई है कि वे विद्यार्थियों को स्कूल पुस्तकालय में अपनी पसंद की कहानी या अन्य पुस्तक पढ़ने के लिए प्रेरित करें। इसके बाद विद्यार्थियों का एक से दो मिनट तक छोटा वीडियो तैयार कर उसे संबंधित एबीआरसी या बीआरपी के माध्यम से साझा किया जाएगा। चयनित वीडियो गुड़गांव की आवाज 107.8 एफएम पर प्रसारित किए जाएंगे। साथ ही इन्हें निपुण गुरुग्राम मिशन और रेडियो स्टेशन के विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी साझा किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक बच्चे इस अभियान से जुड़ सकें।
शिक्षा विभाग का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य केवल बच्चों को पुस्तकें पढ़ने के लिए प्रेरित करना ही नहीं, बल्कि उन्हें आत्मविश्वास के साथ अपनी बात प्रस्तुत करने का अवसर देना भी है। विभाग ने सभी स्कूलों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि पढ़ेगा बच्चा-बढ़ेगा बच्चा, पढ़ेगा गुरुग्राम–बढ़ेगा गुरुग्राम का संदेश हर विद्यार्थी तक पहुंच सके।
निपुण रीडिंग मंथ बच्चों में किताबें पढ़ने की रुचि बढ़ाने की अच्छी पहल है। इससे बच्चे पढ़ने के साथ-साथ अपनी बात आत्मविश्वास से रखना भी सीखेंगे। -सुमिता रांगी, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी गुरुग्राम।