गुरुग्राम। हरियाणा के स्कूलों में चल रही वार्षिक मूल्यांकन प्रक्रिया को लेकर शिक्षा विभाग ने बड़ा निर्णय लिया है। बालवाटिका से कक्षा 3 तक के छात्रों के लिए निपुण हरियाणा टीचर एप 25 मार्च से दोबारा खोल दिया जाएगा। यह एप 27 मार्च तक सक्रिय रहेगा। इस दौरान सभी लंबित आकलन कार्य पूरे करने होंगें। विभाग के अनुसार कई स्कूलों से मिली प्रतिक्रिया में सामने आया था कि समय की कमी के कारण छात्रों का मूल्यांकन अधूरा रह गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए शिक्षकों को एक अंतिम अवसर दिया गया है, ताकि वे सभी विद्यार्थियों का आकलन पूरा कर उसे एप पर अपडेट कर सकें। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यह अंतिम मौका है। जिला और ब्लॉक स्तर के अधिकारियों को भी निगरानी के निर्देश दिए गए हैं, ताकि तय समय सीमा के भीतर सभी छात्रों का मूल्यांकन कार्य पूरा हो सके और कोई भी छात्र छूट न जाए। संवाद
2 अप्रैल से होगी सुपर-100 लेवल-2 परीक्षा
गुरुग्राम। हरियाणा सरकार की सुपर-100 योजना के तहत अब अगले चरण की तैयारी शुरू हो गई है। लेवल-1 परीक्षा में सफल रहे विद्यार्थियों के लिए लेवल-2 की परीक्षा 2 अप्रैल से आयोजित की जाएगी। इस चरण में गुरुग्राम जिले के 146 विद्यार्थी शामिल होंगे, जिन्होंने पहले चरण में बेहतर प्रदर्शन कर जगह बनाई है। शैक्षणिक सत्र 2026–28 के लिए आयोजित लेवल-1 प्रवेश परीक्षा में जिले के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया था। परिणाम के अनुसार गुरुग्राम ब्लॉक से सबसे अधिक 78 विद्यार्थियों का चयन हुआ, जबकि फर्रुखनगर से 12 और पटौदी व सोहना ब्लॉक से 7-7 विद्यार्थी सफल रहे। संवाद