जिले में अब तक मरीजों की संख्या 56 पहुंची, 300 सैंपलों की हुई थी जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जिले में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। शुक्रवार को 300 संदिग्धों के सैंपल की जांच की गई, जिनमें नौ नए कोरोना संक्रमित मरीज पाए गए हैं। इसके साथ ही जिले में अब कुल सक्रिय मामलों की संख्या 47 से बढ़कर 56 हो गई है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि शुक्रवार को 13 मरीजों को स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
अस्पताल प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे दो फीट की सामाजिक दूरी बनाए रखें, मास्क पहनें और सैनेटाइजर का नियमित इस्तेमाल करें। साथ ही खांसी, बुखार या जुकाम जैसे लक्षण होने पर बिना जांच के किसी भी स्थानीय मेडिकल से दवा न लें।
विदेश से आने वालों पर रहेगी निगरानी
स्वास्थ्य विभाग रोजाना बढ़ रहे कोरोना के मामले को देखते हुए बाहर से आने वालों लोगों पर निगरानी रखे हुए हैं। खासतौर से विदेश से वापस आ रहे लोगों को ध्यान रखने के लिए कहा जा रहा है। इस दौरान किसी भी व्यक्ति को बुखार -खांसी के लक्षण लगते हैं तुरंत जांच कराकर खुद को आईसोलेट करने के लिए कहा जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से जांच करने में जुटा हुआ है। ऐसे में लोगों को दो फीट की दूरी बनाने के साथ मास्क और सैनेटाइजर का इस्तेमाल करने को कहा जा रहा है। अस्पताल के अलावा पीएचसी और सीएचसी पर भी लोगों को कोरोना से सावधानियां के लिए जागरूक किया जा रहा है। - डॉ. अलका सिंह, सीएमओ