नियमितीकरण व वेतन आयोग लागू के लिए उठाएंगे आवाज
गुरुग्राम। जिले के एनएचएम के स्वास्थ्य कर्मचारी मांगों को पूरा करने के लिए आज चंडीगढ़ में उच्चाधिकारियों से मिलेंगे। कर्मचारियों का कहना है कि पिछले 25 वर्षों से लगातार सेवाएं देने के बावजूद उन्हें अब तक नियमित नहीं किया गया है। उन्होंने मांग की है कि सरकार जल्द नीति बनाकर उन्हें नियमित करे और तब तक सेवा सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा तथा आर्थिक लाभ प्रदान किए जाएं।
कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि सातवें वेतन आयोग का लाभ देने की सैद्धांतिक मंजूरी के बावजूद अभी तक इसे लागू नहीं किया गया है। साथ ही वेतन भुगतान में लगातार देरी, तकनीकी खामियां और प्रशासनिक अव्यवस्था के कारण उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने हर माह निश्चित पे-डे तय करने की भी मांग की है। इसके अलावा, कर्मचारियों ने समान कार्य के लिए समान वेतन, हड़ताल अवधि को ड्यूटी मानने, भत्तों का भुगतान, अवकाश सुविधाएं बढ़ाने और कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू करने की मांग रखी है। एनएचएम कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष हरि राज ने बताया कि बीते दो से तीन का वेतन जारी करने में देरी की जारी है। इन्हीं सब मांगों को लेकर अधिकारियों से बुधवार को मिलेंगे। संवाद