गुरुग्राम नए साल के लिए शहर के मॉल, होटल और रेस्तरां सजकर तैयार हो चुके हैं। नए साल का स्वागत करने के लिए लोगों में उत्साह है। वहीं शहर के एमजी रोड, सेक्टर-29, साइबर हब, गोल्फ कोर्स, सोहना रोड पर बने रेस्तरां और मॉल में कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। कोरोना संक्रमण के बावजूद साइबर सिटी में 100 से ज्यादा जगहों पर नववर्ष के लिए सेलिब्रेशन हो रहा है। हालांकि इस बार किसी भी आयोजन में बड़े कलाकारों को आमंत्रित नहीं किया गया।
गाजियाबाद में अनुमति के साथ जश्न पर नहीं है रोक, हुड़दंग मचाया तो कटेगा चालान
नए साल के जश्न के नाम पर स्टंटबाजी की या हुड़दंग मचाया तो रात हवालात में कटेगी। नए साल का स्वागत शांति और उमंग के साथ हो सके और साथ ही आम आदमी को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए पुलिस ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि जिले के हर मुख्य तिराहे-चौराहे और सार्वजनिक स्थान पर पुलिस तैनात रहेगी। स्टंटबाजी और नशे में हुड़दंग मचाने वालों को हवालात में डाला जाएगा। एसएसपी ने बताया कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों, महिलाओं से किसी भी प्रकार की अभद्रता करने वालों के खिलाफ केस दर्ज कर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। बैंक्वेट हॉल व आयोजन स्थलों पर बिना अनुमति के कोई आयोजन नहीं रखा जाएगा। रात 10 बजे शराब के ठेके पूरी तरह बंद हो जाएंगे। साथ ही बार में भी रात्रि 12 बजे के बाद शराब का सेवन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। आयोजनों में कोविड गाइडलाइंस का प्रत्येक दशा में पालन करना अनिवार्य होगा। पुलिस के पहुंचने पर अनुमति पत्र और लाइसेंस दिखाना होगा।
नोएडा में पुलिस की कड़ी सुरक्षा में मनेगा मॉल और होटलों में जश्न, हुड़दंगियों पर रहेगी पैनी नजर
डीसीपी ग्रेटर नोएडा राजेश कुमार सिंह ने बताया कि नववर्ष के उपलक्ष्य में होने वाले कार्यक्रमों को लेकर चाक चौबंद व्यवस्था रहेगी। मार्केट, मॉल व होटल के बाहर पुलिस बल तैनात रहेगा। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जाएगी। किसी भी कार्यक्रम में एक बार में सौ से अधिक लोग भाग नहीं ले सकेंगे। कोविड गाइडलाइन का पालन सुनिश्चित कराने के लिए संवेदनशील स्थलों पर ड्रोन से भी निगरानी रखी जाएगी।
दिल्ली में दो दिन रहेगा नाइट कर्फ्यू
दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) और दिल्ली सरकार ने कोरोना के नए स्ट्रेन के खतरे और नए साल के जश्न में होने वाली भीड़ को देखते हुए 31 दिसंबर और 1 जनवरी का नाइट कर्फ्यू लगाया गया है। यह कर्फ्यू रात 11 बजे से सुबह 6.00 बजे तक रहेगा।
पांच से ज्यादा लोग एक जगह नहीं हो सकेंगे इकट्ठा
दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने अपने आदेश में ये भी कहा है कि इस साल दिल्ली में नए साल का कोई सेलिब्रेशन, भीड़ जुटाना या कोई भी उत्सव नहीं होगा। एक जगह पर पांच से ज्यादा लोग इकट्ठा नहीं हो सकेंगे।
कनॉट प्लेस में आज रात 8 बजे के बाद एंट्री बंद, पास दिखाने पर ही मिलेगा प्रवेश
31 दिसंबर यानि आज रात 8 बजे के बाद कनॉट प्लेस में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित हो जाएगा। ट्रैफिक पुलिस की ओर से जारी पास दिखाने पर ही वाहनों को प्रवेश दिया जाएगा। नए वर्ष की पूर्व संध्या पर होने वाले जश्न को देखते हुए पूरी दिल्ली में ट्रैफिक के सुचारू संचालन के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।
स्टंट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी
संयुक्त पुलिस आयुक्त ने बताया कि नए वर्ष के जश्र के दौरान स्टंट करने वालों पर भी विशेष नजर रखी जाएगी। ऐसे मार्ग व कॉरिडोर की पहचान कर ली है जो जिन जगहों पर बाइकर्स स्टंट करते हैं। वहां पर पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे और संयुक्त रूप से चकिख्ग की जाएगी।
आज रात नौ बजे के बाद राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के एक्जिट गेट रहेंगे बंद
कोरोना संक्रमण नव वर्ष की पूर्व संध्या पर भीड़ की आशंका को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन(डीएमआरसी) ने बृहस्पतिवार रात नौ बजे के बाद राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के एक्जिट गेट बंद रहेंगे। हालांकि आखिरी ट्रेन के रवाना होने तक इस स्टेशन पर यात्रियों को प्रवेश की इजाजत होगी। डीएमआरसी के कार्यकारी निदेशक (कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन)अनुज दयाल ने बताया कि मेट्रो यात्रियों की सुविधा और भीड़भाड़ न बढ़े, इसलिए रात नौ बजे के बाद राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के एक्जिट गेट बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
नए साल के पहले दिन इंडिया गेट व जू आने से बचें, घंटों जाम में फंस सकते हैं
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नए वर्ष के पहले दिन इंडिया गेट व चिड़ियाघर आदि जगहों पर आने से बचे। कोरोना व 26 जनवरी की तैयारियों के चलते इंडिया गेट व राजपथ बंद है। कोरोना के चलते चिडिय़ाघर भी बंद है। साथ ही पैदल लोग सडकों की बजाय फुटपाथ पर चले, जाकि ट्रैफिक सुचारू रूप से चल सके। अगर वर्ष के पहले दिन नई दिल्ली में भारी संख्या में लोग पहुंचते तो उसके लिए ट्रैफिक पुलिस ने पर्याप्त इंतजाम किए हैं। वर्ष 2020 के पहले दिन ही एक लाख से ज्यादा लोग नई दिल्ली इलाके में पहुंच गए थे। इससे पूरी नई दिल्ली दोपहर से लेकर देर रात तक ठहर से गई थी।