डीसीपी ट्रैफिक प्रतीक गहलोत ने किया शुभारंभ
पुलिसकर्मियों के लिए विश्राम कक्ष सहित आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध
संवाद न्यूज एजेंसी
बादशाहपुर। यातायात व्यवस्था को अधिक सुचारु और सुरक्षित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। सेक्टर-8/9 स्थित आईएमटी मानेसर के एम3एम चौक पर नए ट्रैफिक बूथ का उद्घाटन पुलिस उपायुक्त यातायात प्रतीक गहलोत ने किया।
उद्घाटन कार्यक्रम में यातायात पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। साथ ही एम3एम की ओर से सुमित देशवाल, सीनियर मैनेजर भी इस अवसर पर उपस्थित रहे। डीसीपी ट्रैफिक ने रिबन काटकर बूथ का शुभारंभ किया। इस नए ट्रैफिक बूथ के निर्माण से ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। खास बात यह है कि बूथ में लंबे समय तक ड्यूटी करने वाले कर्मियों के लिए विश्राम कक्ष की व्यवस्था भी की गई है। आमतौर पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी 12 से 13 घंटे तक कठिन परिस्थितियों में अपनी ड्यूटी निभाते हैं, ऐसे में यह सुविधा उनके स्वास्थ्य को बेहतर बनाएगी। डीसीपी ट्रैफिक प्रतीक गहलोत ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे पूरी जिम्मेदारी के साथ यातायात व्यवस्था को बनाए रखें। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम यातायात पुलिस का मुख्य उद्देश्य आमजन को सुरक्षित और सुगम यातायात उपलब्ध कराना है।