कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा कस्बे में अनाज मंडी की व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे
संवाद न्यूज एजेंसी
सोहना। सोहना में जल्द ही नई अनाज मंडी का निर्माण होगा। जिसके लिए मंडी बनाने के लिए भूमि चिह्नित किए जाने की प्रक्रिया चल रही है। नई मंडी स्थापित किए जाने की प्रदेश मुख्यमंत्री ने हरीझंडी दे दी है। यह बात प्रदेश कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने सोहना कस्बे की अनाज मंडी कार्यालय में कही। इस अवसर पर उन्होंने यह भी कहा कि मंडी परिसर से अतिक्रमण का सफाया कराया जाएगा।
शनिवार को प्रदेश कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा अनाज मंडी की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए पहुंचे थे। जिनके पहुंचने पर मार्केट कमेटी अधिकारियों व व्यापारियों ने उनका बुक्के देकर स्वागत किया। तत्पश्चात कृषि मंत्री ने व्यापारियों व आढ़तियों की समस्याओं को सुना। मार्केट कमेटी चेयरमैन दयाराम लोहिया मंत्री के समक्ष चार मांगे रखी। जिनमें नया टीन शेड का निर्माण, कंप्लीशन सर्टिफिकेट जारी करना, टूटी चारदीवारी की रिपेयर व दो नए शौचालयों का निर्माण शामिल है। इसके अलावा जिला मीडिया प्रभारी नरेश सैनी ने कहा कि अनाज मंडी में अतिक्रमण की भरमार है। लोगों ने सड़क व फंडों पर अवैध कब्जा किया हुआ है। जिसके कारण नागरिक पैदल भी नहीं चल सकते हैं। वहीं व्यापारियों ने पानी निकासी, सफाई की व्यवस्था ठीक करने की बात रखी।
वहीं मंत्री श्याम सिंह राणा ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनकर जल्द से जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया है। मंत्री ने मार्केट कमेटी सचिव को अनाज मंडी परिसर से अतिक्रमण का सफाया करने के फरमान भी दिए हैं। इस अवसर पर चेयरमैन दयाराम लोहिया, जिला मीडिया प्रभारी नरेश सैनी,सचिव राजेंद्र, आढ़ती एसोसिएशन प्रधान महेश आर्य, विकास गुप्ता, अनिल गोयल आदि मौजूद रहे।