संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। गुरुग्राम विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिला प्रक्रिया 5 मई से प्रारंभ होगी। इस वर्ष से विश्वविद्यालय में एक नया पाठ्यक्रम पीजी डिप्लोमा इन ग्रेजुएट गाइडेंस एंड काउंसलिंग की शुरुआत की जा रही है। यह कोर्स विद्यार्थियों को कॅरिअर मार्गदर्शन और परामर्श के क्षेत्र में व्यावसायिक ज्ञान और प्रशिक्षण प्रदान करेगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, यह दो वर्षीय पाठ्यक्रम होगा और फिलहाल इसे 20 सीटों के साथ शुरू किया जाएगा। इसके लिए दाखिला ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा। इच्छुक विद्यार्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। वहीं, दाखिला प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए तकनीकी सुधार भी किए गए हैं। कोर्स की विशेषता यह है कि यह छात्रों को मानसिक स्वास्थ्य, कॅरिअर काउंसलिंग, और शैक्षणिक सलाह के क्षेत्र में सक्षम बनाएगा, जिससे वे विभिन्न संस्थानों, स्कूलों और काउंसलिंग सेंटर्स में कार्य कर सकेंगे।