घटना सीसीटीवी कैमरा में कैद, केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुगाम। सेक्टर-40 में रहने वाले युवक को सड़क पर चूहा छोड़ना महंगा पड़ गया। युवक को पड़ोस में रहने वाले पिता-पुत्रों ने मारपीट करके घायल कर दिया। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरा में कैद हो गई। पीड़ित युवक ने मारपीट को लेकर सेक्टर-40 थाने में शिकायत दी है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
अर्बन एस्टेट सेक्टर-40 निवासी राकेश चुटानी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 14 अक्तूबर की रात करीब 11 बजे उसने पिंजरे में बंद एक चूहे को सड़क पर छोड़ा था। इस पर पड़ोस में रहने वाले बीके भारद्वाज ने अपने दो बेटों के साथ मिलकर उससे मारपीट की। पड़ोसी पिता-पुत्रों ने पीड़ित युवक को भविष्य में सड़क पर चूहा छोड़ने पर जान से मारने की धमकी भी दी है।
पीड़ित ने सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में उपचार कराया। जहां रिपाेर्ट में पांच चोटें लगने की जानकारी मिली। पीड़ित ने सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दी है। जांच अधिकारी पुरुषोत्तम ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लिया गया है।