गुरुग्राम। भांगरौला गांव में किराये पर रहने वाली महिला की सात साल की बच्ची के साथ चॉकलेट का लालच देकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। मानेसर महिला थाना पुलिस ने उसकी काउंसलिंग कराने के बाद उसकी मां के बयान पर पड़ोस में रहने वाले युवक के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है।
पुलिस को छानबीन के दौरान पता चला कि महिला किरायेदार व उसका पड़ोसी दोनों ही उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। जिसके कारण उनका आपस में आना जाना बना रहता था। महिला एक्सपोर्ट गारमेंट कंपनी में काम करती है। उसकी सात साल की इकलौती बेटी है जिसे वह घर पर छोड़कर काम पर जाती है। उसके पड़ोस में रहने वाले युवक ने शनिवार को उसे चाकलेट का लालच देकर बुलाया और वारदात को अंजाम दिया। मां के वापस आने के बाद बच्ची ने पूरी बात रोते हुए बताया।
आरोपी अपने दोस्त के साथ फरार है। घटना की जानकारी मानेसर महिला थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने बच्ची का मेडिकल कराने के साथ ही कांउसलिंग करायी। थाना प्रभारी पूनम हुड्डा के अनुसार आरोपी की पहचान हो चुकी है। पुलिस मामला दर्ज करने के बाद उसके ठिकाने पर छापामारी कर रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जायगा। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही उसके दोस्त की भूमिका का पता चलेगा।