सीएम विंडो, समाधान शिविर, जनसंवाद और सोशल मीडिया से प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त पंकज ने नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आयुक्त ने वर्ष 2018 से 2025 तक की सभी लंबित शिकायतों को एक सप्ताह के भीतर निपटाने का आदेश दिया है।
निगमायुक्त पंकज ने कहा कि वर्षों से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। इससे नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी शिकायत बिना कार्रवाई शुरू किए नहीं रहनी चाहिए। प्रत्येक शिकायत पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय होगी। उस पर की गई कार्रवाई की नियमित निगरानी भी की जाएगी। उन्होंने सभी संयुक्त आयुक्तों को अपने-अपने जोन की शिकायतों की व्यक्तिगत रूप से समीक्षा करने के निर्देश दिए।
शिकायत निवारण माध्यमों की निगरानी
सीएम विंडो, समाधान शिविर, जनसंवाद, एसएमजीटी, सीपीग्राम और सोशल मीडिया से प्राप्त शिकायतों को समान गंभीरता से लिया जाएगा। निगमायुक्त ने इन सभी माध्यमों से प्राप्त शिकायतों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए हैं। उनके समाधान की प्रगति पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्रत्येक शिकायत पर निर्धारित समयसीमा में आवश्यक कार्रवाई पूरी की जानी चाहिए। नागरिकों द्वारा उठाई गई हर समस्या नगर निगम के लिए महत्वपूर्ण है।
समाधान शिविर में 6 शिकायतों का समाधान
गुरुग्राम। जिले में सोमवार को आयोजित समाधान शिविर में छह शिकायतें मिलीं। इनमें से अधिकांश का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। एसडीएम हितेंद्र कुमार ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं। शिविर में बिजली, पेयजल, परिवार पहचान पत्र और पेंशन सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें रखी गईं। एसडीएम ने अधिकारियों को शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। हितेंद्र कुमार ने कहा कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। संवाद