- हाउसिंग बोर्ड के फ्लैट का झांसा देकर पांच साल तक रकम नहीं लौटाई, साथी की तलाश जारी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। हाउसिंग बोर्ड के फ्लैट दिलाने के नाम पर 46.60 लाख रुपये की ठगी के मामले में सेक्टर-50 थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हिसार निवासी सुशील मलिक (35) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे मंगलवार को सेक्टर-46 से गिरफ्तार किया। आरोपी ने साथी के साथ मिलकर शिकायतकर्ता से रकम ली थी।
पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता ने 17 अप्रैल 2026 को शिकायत दी थी। आरोपियों ने सेक्टर-49 में हाउसिंग बोर्ड के चार फ्लैट दिलाने के नाम पर 28.60 लाख और दो अन्य फ्लैट के लिए 18 लाख रुपये लिए थे। पांच साल बीतने के बाद भी फ्लैट नहीं मिले और रकम भी वापस नहीं की गई। बाद में आरोपियों ने फोन और संदेशों का जवाब देना बंद कर दिया। इसके बाद सेक्टर-50 थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। जांच में सामने आया कि ठगी की रकम में करीब 19 लाख रुपये सुशील के बैंक खाते में पहुंचे थे। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने साथी के ड्राइवर के रूप में काम करता था। साथी के कहने पर वह अपने खाते में रकम मंगवाकर आगे अन्य खातों में भेजता था। इसके बदले उसे करीब 15 हजार रुपये मासिक वेतन और अतिरिक्त खर्च मिलता था।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी को बुधवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। आरोपियों ने फ्लैट दिलाने के भरोसे के लिए शिकायतकर्ता को शपथपत्र और अन्य दस्तावेज भी दिए थे। पुलिस मामले में फरार आरोपी की तलाश कर रही है।