डीसी ने विभागीय अधिकारियों और मुख्य सचिव समेत एनटीए महानिदेशक ने उपायुक्तों के साथ की बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। आगामी 21 जून को होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) 2026 की पुनर्परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर है। विभागों को सभी इंतजाम पुख्ता करने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दीं हैं। डीसी उत्तम सिंह ने शनिवार को लघु सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को परीक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने और बेहतर समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए।
इससे पहले राज्य के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी और एनटीए के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश के सभी जिलों के उपायुक्तों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की सुविधा, गोपनीयता बनाए रखने तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
डीसी उत्तम सिंह ने नीट जैसी परीक्षाओं की विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।उन्होंने अधिकारियों को कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी जाए तथा सुनिश्चित हो कि किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना न हो।
उपायुक्त ने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के सुगम आवागमन, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छ शौचालय, निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस विभाग को परीक्षा केंद्रों और उनके आसपास विशेष निगरानी रखने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा। उन्होंने कहा कि परीक्षा से संबंधित किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना या अनुचित गतिविधि पर प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।