आरोपियों के कब्जे से 236 ग्राम होरोइन व एक कार बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो हरियाणा की टीम ने उच्चाधिकारियों के दिशा-निर्देश पर छापेमारी कर 236 ग्राम हेरोइन के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक कार भी बरामद की है। आरोपियों के पास से 236 ग्राम होरोइन बरामद हुई। आरोपियों की पहचान जावेद, मोमीन खान, मुस्तफा व अरबाज निवासी पीपाका तावडू के रूप में हुई। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हरियाणा में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान नशा मुक्त हरियाणा-नशा मुक्त भारत के तहत कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो हरियाणा की गुरुग्राम यूनिट ने महत्वपूर्ण सुराग जुटाते हुए चार नशा तस्करों को 236 ग्राम हेरोइन व तस्करी में शामिल कार सहित गिरफ्तार कर लिया। ब्यूरो गुरुग्राम के डीएसपी अनिल वशिष्ठ व यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर धर्मबीर ने संयुक्त रूप से बताया कि खुफिया ड्यूटी के संबंध में एक टीम एएसआई महेंद्र कुमार के साथ फरीदाबाद रोड घाटा मोड़ के टी प्वाइंट के पास मौजूद थी। जहां सूचना मिली कि मेवात के रहने वाले कुछ लोग हेरोइन की तस्करी का अवैध धंधा करते हैं। ये आरोपी छतरपुर दिल्ली से नशा लेने गए थे। जो हेरोइन लेकर फरीदाबाद रोड से गांव घाटा होते हुए मेवात जाएंगे। इस पर टीम हरकत में आई और नाकाबंदी शुरू कर दी। जैसे ही टीम ने कार को रुकवाया और जांच की गई तो चार नशा तस्करों को 236 ग्राम हेरोइन सहित पकड़ लिया। इस दौरान डीएलएफ फेज-1 थाना प्रभारी व ईटीओ असीम सिवाच भी मौके पर पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।