22 सितंबर से एक अक्तूबर तक चलेगा नवरात्र मेल, हरियाणा पुलिस के जवान, होमगार्ड, सिविल डिफेंस, शीतला सेवा दल मुख्य रूप से रहेंगे तैनात
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। आज यानी 22 सितंबर से नवरात्र की शुरुआत हो रही है। नवरात्र मेले को लेकर शहर के सभी मंदिरों में खास तैयारियां की गई हैं। गुरुग्राम के प्रमुख माता शीतला के मंदिर में पहले दिन कलश स्थापन की पूजा गुरुग्राम के उपायुक्त अजय कुमार करेंगे। मंदिर के श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सुमित कुमार ने रविवार को मंदिर में नवरात्र की तैयारियों को लेकर एक पत्रकार वार्ता का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर में की गई तैयारियों व सुविधाओं के बारे में बताया।
उन्होंने बताया कि शक्तिपीठ श्रीमाता शीतला मंदिर में माता के दर्शन करने के लिए देश के कोने-कोने से श्रद्धालु आते हैं। 22 सितंबर सोमवार से शुरू हो रहा नवरात्र मेला एक अक्तूबर 2025 तक चलेगा। मेले में किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो, इसके लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। मंदिर स्टाफ के अलावा 200 लोगों को दैनिक वेतन पर लगाया है। इनके अलावा लगभग 200 वॉलंटियर निशुल्क सेवाएं देेंगे। फायर विभाग के कर्मचारी व दो गाड़ियां 24 घंटे मंदिर में तैनात रहेंगी।
24 घंटे जवान रखेंगे नजर....सीईओ सुमित कुमार ने कहा कि माता मंदिर के मेला ग्राउंड में श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग निशुल्क, तीन आपातकालीन द्वार, 10 वाटर कूलर लगाए गए हैं। इसके साथ ही 160 कैमरे व हरियाणा पुलिस, महिला पुलिस और होमगार्ड के जवान 24 घंटे निगरानी रखेंगे। मंदिर के आसपास करीब 50 ट्रैफिक के जवानों तैनाती रहेगी।
वीआईपी के आगमन पर नहीं होगी असुविधा
मंदिर में श्रद्धालुओं को कोई भी असुविधा न हो, इसके लिए पुराने मंदिर से एक वीआईपी कॉरिडोर बनाया गया है। किसी भी समय कोई वीआईपी दर्शनों के लिए आ सकते हैं। वीआईपी के आगमन पर आम श्रद्धालुओं को किसी तरह की दिक्कत नहीं होने दी जाएगी।
-
दुर्गा पूजा में केदारनाथ के भी होंगे दर्शन
पटौदी रोड में सार्बोजनिन दुर्गा पूजा समिति का गुरुग्राम में 26वां दुर्गोत्सव
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। पटौदी रोड स्थित ग्रोवर फार्म में सार्बोजनिन दुर्गा महोत्सव के लिए पंडाल बनाए जा रहे हैं। इस पंडाल में दुर्गा पूजा के कार्यक्रम 27 सितंबर से दो अक्तूबर तक होंगे। इस संगठन का गुरुग्राम में दुर्गा पूजा का यह 26वां साल है। इस बार पूजा पंडाल केदारनाथ मंदिर की थीम पर सजाया जा रहा है। पूजा पंडाल में केदारधाम की भव्यता और देवभूमि उत्तराखंड की झलक देखने को मिलेगी। 28 से दो अक्तूबर तक पंडाल में पूजन, हवन, पुष्पांजलि के लिए कोलकाता से पुरोहित बुलाए गए हैं जो वैदिक रीति रिवाज से मां दुर्गा की पूजा संपन्न कराएंगे।
महाअष्टमी, महानवमी और विजयादशमी के दिन यहां विशेष अनुष्ठान होंगे। नवमी के दिन विशेष भाेग भंडारा होगा,जिसमें सारे भक्त शामिल हो सकेंगे। संगठन की अध्यक्ष चमेली सामंता, उपाध्यक्ष सुरोजित राॅय, सुजॉय घोषाल, चीफ ऑडिटर अभीजित रॉय चौधरी, महासचिव श्री कांत शील, रुद्र सामंता और अमित राय चौधरी कार्यक्रम के आयोजन में मुख्य भूमिका निभा रहे हैं।
पटौदी रोड में पुलिस चौकी के पास सार्बोजनिन पूजा पंडाल में बंगाली परिवारों के साथ-साथ स्थानीय लोगों की भी काफी उपस्थिति रहती है। महानवमी को दोपहर डेढ़ बजे महा भोग प्रसाद सबके लिए होगा। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बंगाली कला संस्कृति के साथ देश के आध्यात्मिक समृद्धि को देखा जा सकेगा। - श्रीकांत शील,महासचिव, पूजा कमेटी
पिछले 25 सालों से हम लोग यहां आयोजन कर रहे हैं। इस बार देव भूमि उत्तराखंड के केदारनाथ धाम की तर्ज पर मां दुर्गा का पंडाल तैयार हो रहा है। 28 सितंबर को महाषष्ठी पूजा के बाद पंडाल में मां दुर्गा के दर्शन किए जा सकेंगे। पंडाल में पंचमी को बोधन और आनंद मेला के साथ कार्यक्रम शुरू होंगे। - अभिजीत रॉय चौधरी, पूजा कमेटी
पूर्वापल्ली दुर्गा बाड़ी के पंडाल में आई मूर्ति
गुरुग्राम। सेक्टर-15 पार्ट टू सामुदायिक भवन में पूर्वापल्ली दुर्गाबाड़ी पूजा पंडाल में मां दुर्गा, मां सरस्वती, मां लक्ष्मी, गणेश भगवान और कार्तिकेय भगवान की मूर्तियां रविवार को लाई गई। मूर्तियों का ढोल नगाड़े और जयकारे के साथ स्वागत किया गया। बंगाल के कलाकारों ने महिषासुर मर्दिनी मां दुर्गा की मूर्ति तैयार की है। पंडाल में इसकी विधिवत पूजा षष्ठी से विजयादशमी तक चलेगी। संवाद