गुरुग्राम। गांव अलियर में चरित्र के शक में निजी कंपनी के सुरक्षाकर्मी ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने अपने साले को फोन कर पत्नी के आत्महत्या करने की सूचना दी। पोस्टमार्टम में हत्या का खुलासा होने के बाद आईएमटी थाना पुलिस ने रविवार की शाम केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मूल रूप से मधेपुरा बिहार निवासी रंजीत कुमार (23) मानेसर की एक निजी कंपनी में सुरक्षाकर्मी है। वह पत्नी सुधा कुमारी (21) के साथ गांव अलियर में रहता था। उसे पत्नी के चरित्र पर शक था। इसको लेकर दोनों में अक्सर लड़ाई होती रहती थी। 18 दिसंबर को रंजीत अपने घर पहुंचा तो सुधा नहीं थी। जब वह घर लौटी तो उसने बाजार जाने की बात कही थी, मगर रंजीत को यकीन नहीं हुआ।
इस बात को लेकर वह उससे झगड़ा करने लगा। झगड़ा इतना अधिक बढ़ गया कि रंजीत ने उसका गला दबा दिया, जिसमें सुधा की मौत हो गई। इसके बाद रंजीत ने अपने साले को फोन किया और सुधा के आत्महत्या करने की बात कहते हुए शव को पास के निजी अस्पताल ले गया। अस्पताल ने सुधा को मृत घोषित करते हुए आईएमटी थाना पुलिस को सूचना दी। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में हत्या होने का खुलासा हुआ। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर रंजीत से पूछताछ की, इस दौरान उसने हत्या करने की वारदात को कबूल कर लिया।