मांगें पूरी न होने पर 1 मई से दो दिवसीय हड़ताल की चेतावनी
शहर की सफाई व्यवस्था पर पड़ सकता है असर
संवाद न्यूज एजेंसी
बादशाहपुर। सोहना नगर पालिका के कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलन तेज कर दिया है। कर्मचारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द ही कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो वे शहर की सफाई व्यवस्था को पूरी तरह ठप कर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
मंगलवार को सोहना नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के बैनर तले नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों ने भूख हड़ताल शुरू कर दी। हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों ने एकजुटता का संदेश दिया। इस दौरान धरने की अध्यक्षता सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान सुभाष ने की और सभा का संचालन प्रधान विक्रम द्वारा किया गया। सभा को संबोधित करते हुए यूनियन नेताओं ने राज्य सरकार पर वादा तोड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार ने वर्ष 2014 में सफाई कर्मचारियों को पक्का करने और ठेका प्रथा को समाप्त करने का वादा किया था लेकिन आज तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इसके चलते कर्मचारियों को अस्थिर रोजगार का सामना करना पड़ रहा है।
नेताओं ने हाल ही में फरीदाबाद में ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले फायर कर्मियों का मुद्दा भी उठाया। इसमें उन्होंने मांग की कि मृतक कर्मचारियों के परिजनों को एक करोड़ रुपये का मुआवजा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और शहीद का दर्जा दिया जाए। कर्मचारी नेताओं ने चेतावनी दी है कि 1 मई से दो दिवसीय हड़ताल की जाएगी, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो सकती है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार और प्रशासन ने समय रहते उनकी मांगों पर सकारात्मक कदम नहीं उठाए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।