4000 से 4500 रुपये प्रति सिलिंडर बेच रहे थे
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी के खिलाफ मुख्यमंत्री उड़नदस्ता और खाद्य व आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध वाहन पर छापेमारी की। यह कार्रवाई गांव धनकोट स्थित बीकानेर मिष्ठान भंडार के पास खड़ी गैस सिलिंडरों से भरी गाड़ी पर की गई।
जांच के दौरान सामने आया कि गाड़ी का चालक आसिफ और उसका सहायक सानू कमर्शियल गैस सिलिंडरों को 4000 से 4500 रुपये प्रति सिलिंडर के हिसाब से अवैध रूप से बेच रहे थे। टीम की ओर से मौके पर निरीक्षण करने पर गाड़ी से कुल 78 सिलिंडर बरामद किए गए, जिनमें 41 कमर्शियल (19 किलोग्राम), 25 कमर्शियल (5 किलोग्राम) और 12 घरेलू (14 किलोग्राम) गैस सिलिंडर शामिल मिले हैं। इससे पहले भी सीएम फ्लाइंग और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने मारुति कुंज में छापेमारी कर घरेलू 20 गैस सिलिंडर जब्त किए गए थे।
बरामद सभी सिलिंडरों को स्थानीय पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। साथ ही चालक और सहायक के खिलाफ थाना राजेंद्र पार्क में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता गुरुग्राम के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।