फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gurugram News: नगर निगम वार्ड-22 को बनाएगा जीरो वेस्ट मॉडल वार्ड

विज्ञापन
विज्ञापन
निगम पार्षद व संयुक्त आयुक्त ने की आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों व वार्ड निवासियों के साथ संवादात्मक बैठक
विज्ञापन




अमर उजाला ब्यूरो


गुरुग्राम। नगर निगम गुरुग्राम की ओर से वार्ड-22 को जीरो वेस्ट मॉडल वार्ड बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण संवादात्मक बैठक एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान एवं स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा 2025 के अंतर्गत आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि नगर निगम गुरुग्राम के संयुक्त आयुक्त डॉ. नरेश कुमार उपस्थित रहे।


बैठक में डॉ. नरेश कुमार ने लोगों को स्वच्छता के महत्व पर जागरूक करते हुए कहा कि वार्ड-22 को जीरो वेस्ट मॉडल वार्ड के रूप में स्थापित करना गुरुग्राम के लिए मिसाल साबित होगा। वहीं, पार्षद विकास यादव ने नागरिकों से सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद करने की अपील की। आईपीसीए संस्था की संध्या ने घरों में दो कूड़ेदान रखने और कचरे के पृथक्करण पर जोर दिया। संस्था द्वारा नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को जागरूक किया गया।
विज्ञापन

कार्यक्रम के अंत में कुलदीप हिन्दुस्तानी ने सभी उपस्थित नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। निगम एवं आईपीसीए संस्था की ओर से उपस्थित लोगों को कपड़े के थैले भी वितरित किए गए। विशिष्ट अतिथियों में वार्ड-22 के पार्षद विकास यादव, वरिष्ठ सफाई निरीक्षक देविंदर बिश्नोई, स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर कुलदीप हिन्दुस्तानी, बुलंद आवाज़ वेलफेयर सोसाइटी की उपाध्यक्ष प्रिंका यादव और सरस्वती मंडल के महामंत्री दीपक यादव शामिल रहे। वहीं, इस मौके पर आरडब्ल्यूए सेक्टर-27 से भगवान सिंह, सुरेश मेहरा, निधि शर्मा, बी ब्लॉक सुशांत लोक से राजकुमार, ए ब्लॉक से प्रशांत, लता कुमार, सुनील वर्मा व राहुल, सेक्टर-43 से गौरव सिंगला, नरेन्द्र, विकास व राजकुमार, भाजपा जिला सचिव भावना, योगेश गोयल, दिनेश व दीपक यादव सहित अन्य वार्ड निवासी मौजूद थे।



इसे कहते है जीरो वेस्ट मॉडल
जीरो वेस्ट मॉडल का उद्देश्य घरों, दुकानों और संस्थानों से निकलने वाले कचरे का पृथक्करण और पुन: उपयोग करना है। इसके तहत गीले कचरे से खाद बनाकर उसका उपयोग वार्ड में हरियाली बढ़ाने, सूखे कचरे को रिसाइक्लिंग यूनिट तक पहुंचाने सहित वार्ड की पर्याप्त सफाई, बेहतर सड़कें, स्ट्रीट लाईट, पार्क, ग्रीन बैल्ट व हरियाली विकसित करना है। हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान तथा स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत नगर निगम गुरुग्राम द्वारा जीरो वेस्ट वार्ड के लिए वार्ड-22 का चयन किया गया है। इसके तहत वार्ड में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, नागरिकों को अपने घरों में गीले कचरे से खाद बनाने के लिए प्रेरित करना, सूखे कचरे को चुनिंदा केंद्रों तक भेजने की व्यवस्था तथा स्कूलों, आरडब्ल्यूए और बाजार संघों के माध्यम से लोगों को प्रेरित करना है।
विज्ञापन





वार्ड-22 को जीरो वेस्ट मॉडल वार्ड बनाने के लिए निवासियों का सहयोग सबसे अहम है। अगर लोग घरों से ही कचरे का पृथक्करण शुरू कर देंगे तो क्षेत्र में सफाई व्यवस्था और बेहतर होगी तथा लैंडफिल साइट्स पर दबाव घटेगा। आरडब्ल्यूए और स्थानीय संस्थाएं इस पहल का स्वागत कर रही हैं। नगर निगम का लक्ष्य है कि आने वाले महीनों में वार्ड-22 को पूरी तरह से जीरो वेस्ट मॉडल वार्ड के रूप में विकसित किया जाए और बाद में इस मॉडल को गुरुग्राम के अन्य वार्डों में भी लागू किया जा सके। -डॉ. नरेश कुमार, संयुक्त आयुक्त, नगर निगम




विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें