गुरुग्राम। विभिन्न मांगों के लिए आशा कार्यकर्ताओं की हड़ताल लगातार पांचवें दिन भी जारी रही। जिले में बृहस्पतिवार को सैकड़ों आशा कार्यकर्ताओं ने कार्य का बहिष्कार करते हुए हड़ताल की। सोहना व पटौदी की आशा कार्यकर्ताओं ने उपमंडल अस्पताल में हड़ताल की तो गुरुग्राम की आशा कार्यकर्ताओं ने जिला उपायुक्त कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। आशा वर्कर एसोसिएशन की प्रतिनिधि मीरा ने बताया कि प्रोत्साहन राशि, इलाज की सुविधाओं, कोविड-19 जोखिम भत्ता, इंसेंटिव समेत अन्य मांगों के लिए आशा कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रही हैं। कई बार प्रदर्शन व उच्च अधिकारियों को ज्ञापन सौंपने के बावजूद अब तक कोई नतीजा नहीं निकला है। इसी के कारण आशा कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रही हैं।
मीरा ने बताया कि उनका प्रदर्शन 17 अगस्त तक चलेगा। पूर्व नियोजित कार्यक्रम के तहत सुबह 10 बजे तक बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता जिला उपायुक्त कार्यालय पर एकत्र होने लगी थीं। वे मुख्य रूप से कोविड-19 महामारी के लिए एक हजार रुपये इंसेटिव, संक्रमित आशा कार्यकर्ताओं के परिजनों का सरकार द्वारा इलाज कराने, कोविड-19 का जोखिम भत्ता दिए जाने, हर माह की 10 तारीख से पहले प्रोत्साहन राशि का भुगतान किए जाने, दुर्घटना व बीमारी के दौरान सरकार के द्वारा इलाज खर्च उठाने व 2018 में जारी हुए अधिसूचना को दोबारा लागू करने की मांग कर रही हैं। इस दौरान मीना, निशा, रेखा समेत सैकड़ों की संख्या में आशा कार्यकर्ता मौजूद रहीं। बृहस्पतिवार को पटौदी में 170, सोहना में 75 व्व गुरुग्राम में 110 आशा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।