अब ग्रीन बेल्ट विकास कार्यों में तेजी लाई जाएगी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) की प्रवर्तन विंग ने सेक्टर-44 और 45 की मास्टर डिवाइडिंग रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर करीब 1.3 किलोमीटर क्षेत्र को कब्जामुक्त कराया। अभियान के बाद अब यहां ग्रीन बेल्ट विकास कार्यों में तेजी लाई जाएगी।
यह कार्रवाई डीटीपी जीएमडीए आरएस बाठ के नेतृत्व में की गई, जिसमें प्रवर्तन विंग और इंफ्रा-1 डिवीजन के अधिकारी मौजूद रहे। अभियान के दौरान सड़क किनारे बनी लगभग 40 से 50 झुग्गियों को हटाया गया। वहां रह रहे लोगों को 3 से 4 दिनों के भीतर अपना सामान हटाने के निर्देश दिए गए हैं। प्राधिकरण के अनुसार सड़क किनारे क्षतिग्रस्त ग्रिल की भी मरम्मत कराई जाएगी। जीएमडीए वर्तमान में मास्टर सड़कों की ग्रीन बेल्ट में सफाई, लेवलिंग और लोअरिंग का कार्य करा रहा है, ताकि मानसून से पहले जल निकासी व्यवस्था को मजबूत किया जा सके।
अधिकारियों के अनुसार, सेक्टर-44/45 रोड से अतिक्रमण हटने के बाद यहां ग्रीन बेल्ट विकास कार्य शुरू किए जाएंगे। साथ ही ग्रीन बेल्ट और फुटपाथों पर दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए नियमित निगरानी भी की जाएगी। जीएमडीए ने अगले 15 दिनों के भीतर ग्रीन बेल्ट को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त करने का लक्ष्य तय किया है। इस दौरान प्रवर्तन विंग ने सेक्टर-58 और 59 की डिवाइडिंग रोड का निरीक्षण भी किया। अधिकारियों ने पाया कि कुछ स्थानीय लोग और अन्य तत्व सीएसआर पहल के तहत किए जा रहे ग्रीन बेल्ट विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं।
प्रवर्तन विंग ने स्थानीय निवासियों को विकास कार्यों में सहयोग करने के निर्देश दिए और चेतावनी दी कि सार्वजनिक अवसंरचना एवं ग्रीन बेल्ट विकास कार्यों में बाधा डालने वालों के खिलाफ एफआईआर सहित सख्त कार्रवाई की जा सकती है।