दिग्गजों ने की मुलायम के स्वस्थ होने की कामना
सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के मेदांता में भर्ती होने के बाद दिग्गज नेताओं ने उनके स्वस्थ होने की कामना की। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक एवं केशव प्रसाद मौर्य ने ट्वीट कर उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी ट्वीट कर जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
पार्टी नेताओें एवं कार्यकर्ताओं ने उनके स्वास्थ्य में सुधार को लेकर धार्मिक अनुष्ठान भी किए। लंबे समय से बीमार चल रहे 82 वर्षीय मुलायम का मेदांता में डॉ. नितिन सूद और डॉ. सुशील कटारिया की निगरानी में उपचार चल रहा है। उन्हें जुलाई में भी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
केंद्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल व राज बब्बर ने जाना नेताजी का हाल
केंद्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल ने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की और उनसे मुलायम सिंह यादव की तबीयत के बारे में जानकारी ली। बता दें कि विधानसभा चुनाव में बघेल ने अखिलेश के खिलाफ चुनाव लड़ा था। वहीं, कांग्रेस नेता राज बब्बर भी मेदांता अस्पताल पहुंचे और सपा संरक्षक का हाल जाना। वहीं, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने भी मेदांता पहुंचकर नेताजी के स्वास्थ्य की जानकारी ली। मंगलवार को छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम रमन सिंह और चांदपुर विधायक स्वामी ओमवेश भी मुलायम के स्वास्थ्य का हाल जानने पहुंचे।