गुरुग्राम। नेशनल स्टूडेंट यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) ने शनिवार को ‘नौकरी दो या डिग्री वापस लो’ कैंपेन की शुुुरुआत की। इस कैंपेन के जरिए यह संगठन देश के युवाओं एवं विद्यार्थियों की परेशानी को सरकार के सामने रखेंगे। रोजगार के लिए वे देशभर में आंदोलन शुरू करेंगे। शुरुआत कमान सराय स्थित कांग्रेस कार्यालय से की।
इस मौके पर संगठन के प्रदेश प्रभारी वरुण चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष दिव्यांशु बुद्धिराजा, जिला अध्यक्ष अभिषेक यादव, लक्ष्य और तुषार मौजूद रहे। वरुण चौधरी ने बताया कि इस कैंपेन के तहत वे देशभर से 5 लाख बेरोजगार डिग्रीधारी विद्यार्थियों की डिग्री एकत्रित कर सरकार के सामने पेश करेंगे। उन्होंने बताया कि इस समय छात्र नौकरी नहीं मिलने पर मानसिक रूप से प्रताड़ित हो रहे हैं। दिव्यांशु बुद्धिराजा ने मौजूदा सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि युवाओं को नौकरी देने की जगह सरकार नोटबंदी, जीएसटी पर जोर दे रही है। सरकार ने 2 करोड़ रोजगार देने का वादा किया था जबकि राष्ट्रीय नमूना सर्वेक्षण की रिपोर्ट के अनुसार बेरोजगारी दर बढ़ रही है।
अभिषेक यादव ने बताया कि इन दिनों क्लर्क, चतुुर्थ श्रेणी की नौकरी पाने के लिए बीटेक और पीएचडी डिग्रीधारक आवेदन कर रह हैं। स्टेट ऑफ वर्किंग इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार देश में नोटबंदी के कारण 5 मिलियन लोगों ने अपनी नौकरी खो दी थी। सरकार सरकारी परीक्षाओं के परिणामों में देरी कर बेरोजगारी बढ़ाने का काम कर रही है। आरआरबी-एनटीपीसी द्वारा रेलवे भर्ती बोर्ड 2015में 57 लाख उम्मीदवार बैठे थे। जिसका परिणाम 2 साल बाद घोषित हुआ।