गुरुग्राम। रेडक्रॉस सोसाइटी ने शनिवार को बेरोजगार युवाओं के लिए फर्स्ट एड प्रशिक्षण की शुरुआत की। यह प्रशिक्षण अब तक माह में एक बार दिया जाता रहा है। वहीं, अब युवाओं को एक माह में चार बार दिया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन उपायुक्त यश गर्ग के निर्देशन में हुआ। प्रशिक्षण में 25-25 युवाओं के समूहों को शामिल किया गया। इसमें दुर्घटना से बचने के उपाय व फर्स्ट एड का महत्व बताया गया। रेडक्रॉस सचिव श्याम सुंदर ने बताया कि फर्स्ट एड होम नर्सिंग की ट्रेनिंग अब नियमित रूप से पटौदी एसडीएम ऑफिस और सोहना के एसडीएम ऑफिस में भी करवाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि युवाओं को जीवन में दिव्यांगजन की सेवा, रक्तदान, बेटी बचाओ अभियान के लिए हमेशा तैयार रहना चाहिए। मालूम हो कि रेडक्रॉस सोसाइटी युवाओं की एक सूची तैयार कर रहा है जिन्हें रेडक्रॉस सोसाइटी की गतिविधियों के साथ जोड़कर समाज के लिए और अधिक कार्य करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि हरियाणा राज्य शाखा भारतीय रेडक्रॉस चंडीगढ़ के महासचिव डीआर शर्मा के निर्देश के अनुसार अब सभी कंपनी और फैक्टरी में भी फर्स्ट एड की ट्रेनिंग जरूरी रूप से करनी होगी।