निगम की अनदेखी से मानेसर हाईवे पर जाम और हादसों का खतरा
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर स्थित मानेसर में पशुओं के कारण वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। हाईवे पर अचानक पशुओं के आने से हादसे का खतरा बना रहता है।स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम मानेसर की ओर से इन पशुओं को पकड़ने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।
निगम की लापरवाही के चलते लगातार हादसे का खतरा बढ़ने लगा है। सड़कों पर घूमते पशु अचानक सामने आ जाते हैं, जिससे वाहन चालकों को गाड़ी चलाने में दिक्कत होती है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। रात के समय हालात और भी खराब हो जाते हैं, क्योंकि अंधेरे में पशु आसानी से दिखाई नहीं देते। इससे हादसों का खतरा और बढ़ जाता है। लोगों ने बताया कि एक तरफ सड़क निर्माण में देरी हो रही है और दूसरी तरफ लावारिस पशुओं की समस्या बढ़ती जा रही है। ऐसे में जाम और दुर्घटनाओं की परेशानी लगातार बढ़ रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़कों पर घूम रहे पशुओं को हटाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि राहत मिल सके।
वर्जन
मानेसर के बाजार और नेशनल हाईवे पर घूम रहे पशुओं के कारण हादसे का खतरा बना रहता है। दिनभर सड़क पर पशु घूमते रहते हैं, जिससे वाहन चालकों को परेशानी होती है और दुर्घटना का डर बना रहता है। -दीपक, स्थानीय निवासी मानेसर
नगर निगम मानेसर की लापरवाही के कारण पिछले 6–7 महीनों से सड़कों पर पशु घूम रहे हैं। इससे लोगों को परेशानी हो रही है। खासकर हाईवे पर सुबह और शाम के समय जाम की समस्या बढ़ जाती है। -त्रिलोक, स्थानीय निवासी, मानेसर
हाईवे पर सर्विस रोड का काम देरी से चल रहा है, जिससे लोगों को दिक्कत हो रही है। निर्माण कार्य समय पर पूरा नहीं होने के कारण सड़क पर जाम और अव्यवस्था बनी रहती है। इसके साथ ही सड़कों पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव भी नहीं किया जा रहा है। -देवानंद, स्थानीय निवासी मानेसर
निगम अधिकारी सिर्फ आश्वासन देते हैं लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं करते हैं। हाईवे पर पशुओं की समस्या जस की तस बनी हुई है। -प्रियम, स्थानीय निवासी, मानेसर