चैत्र मेले के पहले संडे गुरुग्राम हुआ भक्तिमय
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। चैत्र माह के अवसर पर आयोजित श्री शीतला माता मंदिर में लगने वाले चैत्र मेले के पहले रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। बड़ी संख्या में लोग अपने परिवार और सगे-संबंधियों के साथ माता के दर्शन करने पहुंचे। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं और पूरे परिसर में जय माता दी के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। अनुमान है कि नवरात्रि के दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और अधिक बढ़ेगी, जिससे मंदिर परिसर की रौनक और बढ़ जाएगी।
मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। अधिकांश भक्त पुल के माध्यम से जयकारे लगाते हुए मंदिर तक पहुंचे, जबकि कई श्रद्धालुओं ने मुख्य प्रवेश द्वार का उपयोग किया। प्रशासन की ओर से व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए कतारबद्ध तरीके से दर्शन कराए गए, जिससे भीड़ को नियंत्रित करने में काफी मदद मिली। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पीने के पानी सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गईं।
सु
रक्षा को ध्यान में रखते हुए कैमरों से निगरानी
चैत्र मेला तीन अप्रैल तक चलेगा। मेले में उमड़ रही भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पूरे मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जा रही है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए दो एंबुलेंस भी तैनात की गई हैं। इसके अलावा गुरुग्राम पुलिस के लगभग 125 जवानों के साथ स्वयंसेवकों की भी ड्यूटी लगाई गई है, जो श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन देने और भीड़ प्रबंधन में मदद कर रहे हैं।
धागा बांधने से मन्नत पूरी होने की मान्यता
मंदिर परिसर में स्थित कई साल पुराना बरगद का पेड़ श्रद्धालुओं के लिए विशेष आस्था का केंद्र है। दूर-दराज से आने वाले भक्तों का मानना है कि यहां धागा बांधकर मन्नत मांगने से उनकी मनोकामना पूरी होती है। विशेष रूप से महिलाएं संतान प्राप्ति और बच्चों की सुख-समृद्धि की कामना लेकर माता शीतला के दरबार में आती हैं। इसी आस्था के कारण हर साल चैत्र मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं।