गंदे पानी से डायरिया के मरीजों की संख्या बढ़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में बुखार और डायरिया के मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। इन दिनों अस्पताल में रोजाना 2,700 से 3,000 लोग ओपीडी में पहुंच रहे हैं, जिनमें सबसे अधिक संख्या बुखार के मरीजों की है। आंकड़ों के अनुसार, प्रतिदिन 350 से 400 मरीज बुखार से पीड़ित होकर इलाज के लिए आ रहे हैं। इसी के साथ डायरिया के मामलों में भी तेजी से बढ़ोतरी हुई है। इसका मुख्य कारण बारिश के बाद सप्लाई के गंदे पानी को माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार, कई इलाकों में जल आपूर्ति की लाइनों में लीकेज होने के चलते सीवर का पानी पीने के पानी में मिल रहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से साफ पानी पीने और सावधानी बरतने की अपील की है। अस्पताल फिजीशियन डाॅ. काजल ने बताया कि बारिश के कारण बुखार के मरीजों की संख्या में इजाफा देखने को मिला है। ऐसे में मरीजों को बाहर का खाना, पूरी बाजू के कपड़े पहनने की सलाह दी जा रही है। सलाह दी जा रही है अपने आप से दवाइयां लेने की कोशिश न करें, डाॅक्टर की सलाह से दवा लें।
-
ओपीडी मामले
-त्वचा रोग 200 से 250
-फ्लू 250 से 280
-सामान्य ओपीडी 350 से 400
-ओरथोपेडिक्स 250 से 300
-सांस 150 से 180
-ईनएनटी 150 से 170
यह सभी आंकड़े वर्तमान के मौसम के हिसाब से हैं।