पाॅजिटिव लार्वा मिलने पर 47 घरों को नोटिस थमाया
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। बदलते मौसम के चलते बुखार के मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन 450 से 500 मरीज पहुंच रहे हैं जिनमें से 70 से 80 प्रतिशत मरीज बुखार, सिरदर्द, बदन दर्द और पेट दर्द की शिकायत लेकर आ रहे हैं। चिकित्सकों की मानें तो मौसम में नमी और मच्छरों की बढ़ती संख्या से डेंगू और मलेरिया का खतरा बढ़ गया है। इसी कारण डेंगू और मलेरिया की जांच की जा रही है। बीते एक हफ्ते में 212 मरीजों की डेंगू जांच की गई है।
हालांकि अभी तक ज्यादा गंभीर केस सामने नहीं आए हैं लेकिन डॉक्टर लोगों को सतर्क रहने और समय पर जांच कराने की सलाह दे रहे हैं। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि सभी जरूरी दवाएं और जांच सुविधाएं उपलब्ध हैं। साथ ही मरीजों को पानी उबालकर पीने, साफ-सफाई रखने और मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीम भी निगरानी में जुटी हुई है।
स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन के अनुसार, वर्तमान में डेंगू के मरीजों की संख्या 55 मरीज हो गई है। साथ ही इस वर्ष अब तक मलेरिया के आठ मरीज सामने आ चुके हैं। जिले में अब तक डेंगू नियंत्रण के लिए 16,94,965 घरों में रैपिड फीवर मास सर्वे किया जा चुका है। टीम को 113 घरों में पाॅजिटिव लार्वा मिला। 47 घरों को नोटिस थमाया गया।
जिला मलेरिया अधिकारी डाॅ जयप्रकाश ने बताया कि शनिवार को 11,602 घरों में विभिन्न टीमों ने दौरा किया। शहरी क्षेत्र में 5,963 और ग्रामीण क्षेत्रों में 5,639 घरों में लार्वा की जांच की गई। टीम ने शनिवार को कुल 880 पट्टिकाएं तैयार कीं। इस दौरान 41 संदिग्ध लोगों के सैंपल लिए गए।