पिछले दरवाजे से अंदर घुसा था, सेक्टर-53 थाने में प्राथमिकी दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-52 स्थित ओर्बिट इमेजिंग एंड पाथलैब सेंटर के काउंटर से 21 अप्रैल की रात को एक व्यक्ति ने 80,695 रुपये चोरी कर लिए। चोरी करने वाला व्यक्ति सेंटर के पिछले दरवाजे से अंदर घुसा था व चेहरा ढके हुए था।
वारदात के दौरान सेंटर में ही रहने वाला कर्मचारी खाना लेने के लिए बाहर गया था। सेंटर मैनेजर अदिति शर्मा की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ चोरी संबंधी धारा के तहत सेक्टर-53 थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। सेंटर मैनेजर अदिति शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 21 अप्रैल की रात करीब 11.30 बजे पिछले दरवाजे से अंदर घुसकर काउंटर से 80,695 रुपये कर ले गया। इस दौरान सेंटर में ही रहने वाला कर्मचारी प्रियांशु शर्मा अपने जानकार अभिषेक के साथ खाना लेने के लिए बाहर गया था। अभिषेक भी पहले सेंटर में ही काम करता था। चोरी की वारदात पैथलैब सेंटर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल सुनील ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरी करने वाले व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।