फिलहाल इस भवन में चल रहा है नगर निगम मानेसर का कार्यालय, संवाद
सोलर पावर सिस्टम, एचवीएसी, सिक्यॉरिटी सिस्टम और फायर अलार्म लगेंगे
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) द्वारा सेक्टर-16 में नए कार्यालय की इमारत में कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इमारत में सोलर पावर सिस्टम के साथ एचवीएसी (हीटिंग, वेंटिलेशन एंड एयर कंडीशनिंग), सीसीटीवी, सिक्यॉरिटी सिस्टम और फायर अलार्म जैसी सुविधाओं को डिजाइन में शामिल किया जाएगा। करीब डेढ़ एकड़ जमीन पर प्रस्तावित नई इमारत को लेकर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) और डिजाइन तैयार किए जा रहे हैं। कार्यालय की नई इमारत को ग्रीन बिल्डिंग कॉन्सेप्ट के तहत बनाने की योजना है।
नई योजना के तहत दिल्ली-जयपुर हाईवे की सर्विस लेन के पास सेक्टर-16 में करीब डेढ़ एकड़ जमीन पर एचएसवीपी का कार्यालय बनाने पर मंजूरी मिली है। अब इमारत की डिजाइन और अन्य तकनीकी पहलुओं को शामिल करते हुए डीपीआर तैयार कराई जाएगी। 10 मंजिला बनने वाली इस इमारत को लेकर जल्द ही योजना धरातल होगी। नई इमारत को विभिन्न आधुनिक सुविधाओं से लेस किया जाएगा, जिसमें कैफेटेरिया और कॉन्फ्रेंस हॉल की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही इंटीरियर व एक्सटीरियर डिजाइन, हॉर्टिकल्चर, स्ट्रक्चरल डिजाइन भी तैयार किए जाएंगे।
इमारत में आधुनिक फायर फाइटिंग, प्लंबिंग और इलेक्ट्रिकल सिस्टम की भी व्यवस्था प्रस्तावित है। शुरुआती चरण में ही इन पॉइंट्स को डिजाइन में शामिल करने से निर्माण के दौरान अलग-अलग सुविधाओं के लिए दोबारा योजना तैयार करने की जरूरत कम होगी। हालांकि अभी तक नई इमारत के निर्माण की कुल लागत तय नहीं हुई है।
नए कार्यालय के लिए सेक्टर-16 में डेढ़ एकड़ जमीन की डीपीआर तैयार कराई जा रही है। नई इमारत में सोलर पावर सिस्टम, सिक्यॉरिटी सिस्टम सहित अन्य सुविधाएं होंगी। जल्द ही इमारत के निर्माण को लेकर टेंडर किया जा सकता है।
- वैशाली सिंह, प्रशासक, एचएसवीपी, गुरुग्राम