गुरुग्राम। भोंडसी जेल में तीन कैदी मिलकर एक मोबाइल का इस्तेमाल कर रहे थे। एक कैदी मोबाइल अपने पास रखता था, दूसरा इसकी सिम व तीसरा इसके चार्जर को अपने पास रखता था। पहले कैदी से तलाशी में जब मोबाइल मिला, तो उसने सिम व चार्जर रखने वाले दोनों कैदियों के नाम भी बता दिए। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जेल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आखिर जेल में मोबाइल कैसे आया।
उप अधीक्षक जेल चरण सिंह ने बताया कि उनकी जेल में कैदी मोनू से शनिवार सुबह तलाशी के दौरान एक मोबाइल फोन बरामद किया। मोनू से कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि मोबाइल की सिम जेल के ही दूसरे कैदी मोनू के पास है। वहीं यह भी बताया कि मोबाइल का चार्जर कैदी मोहित के पास है। जेल पुलिस ने सिम व चार्जर बरामद कर लिया। तीनों से पूछताछ की गई तो सामने आया कि इस मोबाइल का यह तीनों कैदी मिलकर इस्तेमाल कर रहे थे। सभी सामानों को मिल-बांटकर इसलिए अलग-अलग रखा था ताकि अगर एक पकड़ा जाए तो अन्य दो के पास जो सामान है वह बच जाए।