पटौदी खंड के आठ गांवों में पहुंचीं विधायक
संवाद न्यूज एजेंसी
पटौदी। पटौदी विधायक बिमला चौधरी ने पटौदी खंड के आठ गांवों में दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस मौके पर विधायक बिमला चौधरी गांव गदाईपुर, पहाड़ी, बपास, खेतियावास, बलेवा, खलीलपुर, घिल्लावास, महानियावास में पहुंचीं। इस दौरान ग्रामीणों ने उनका फूलमालाओं के साथ स्वागत किया। इस मौके पर विधायक के समक्ष ग्रामीणों ने अपने-अपने गांवों की समस्याएं रखीं एवं समस्याओं को लेकर उन्हें मांग पत्र सौंपा। इस मौके पर विधायक ने कहा कि आप सभी के कार्य को पूरा करवाऊंगी। गांवों में विकास कार्यों की झड़ी लगा दूंगी। उन्होंने कहा कि गांवों में सभी रास्तों को बनाया जाएगा।
वहीं गदाईपुर सरपंच बीना देवी ने विधायक बिमला चौधरी के समक्ष गांव की समस्याओं को लेकर मांग पत्र सौंपा जिसमें अनुसूचित चौपाल दोबारा बनवाने की मांग की। गदाईपुर से गोरियावास जाने वाले कच्चे रास्ते को पक्का बनवाने समेत अन्य मांगों को भी पूरा करने का आश्वासन विधायक ने दिया। इस मौके पर मार्केट कमेटी चेयरमैन मनोज मोकलवास, पूर्व सरपंच कर्ण जसात, वाइस चेयरमैन श्याम लाल सहित काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।