जनस्वास्थ्य विभाग के 80 हजार और बिजली निगम के 1,20,000 के तार किए चोरी
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। जिला पुलिस लाइन और जिला जेल में पानी की आपूर्ति करने वाली लाइन से चोरों ने 10 दिन में दूसरी बार सभी ट्यूबवैल एवं जेल बूस्टर से बिजली के केबल चोरी किए है। इस कारण पानी की आपूर्ति बाधित हुई है। पुलिस लाइन और जेल में पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए एसपी नूंह ने जनस्वास्थ्य विभाग को पत्र लिखा तो उसके जवाब में जनस्वास्थ्य विभाग ने जानकारी देते हुए बताया कि चोरों ने बिजली के केबल चोरी कर लिए है, जिसके कारण पेयजल आपूर्ति बाधित हुई है।
जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ ने एसपी से चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की, जिस पर पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज किया गया है। एसडीओ के अनुसार गांव बड़का अलीमुद्दीन में जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा 3 ट्यूबवैल व एक मेन बूस्टिंग स्टेशन बना हुआ है। जिससे पुलिस लाइन और जेल में जलापूर्ति की जाती है, लेकिन पिछले 10 दिन में दो बार सभी ट्यूबवैलों व बूस्टर से बिजली की करीब 80 हजार रुपए कीमत के केबल चुरा लिए गए है। रोजका मेव थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वहीं, 17 मई को कुतुबगढ गांव के पास गौड भट्ठा पर तेज आंधी के कारण 60-65 खंभे टूटने के बाद चोरों द्वारा लगभग 1800 मीटर के तार चोरी करने का मामला सामने आया है। इस बारे में बिजली निगम सोहना के एसडीओ की शिकायत पर रोजका मेव थाना पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें बताया गया कि 17 मई को तेज आंधी के कारण बिजली के 60-65 खंभे टूट गए थे। जिन पर लगी बिजली की करीब 1800 मीटर लंबी लाइन के तार को अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिया गया था। जिससे निगम का करीब 120000 रुपए का आर्थिक नुकसान हुआ है।