30 सेकंड दरवाजा बंद नहीं होने पर बज जाता है अलार्म,
कंपनी के कर्मचारी बनकर शाखा में किया था प्रवेश
लूटे गए सोने की कीमत नौ करोड़ रुपये आंकी गई है
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। शीतला कॉलोनी स्थित मणप्पुरम गोल्ड लोन की शाखा से बदमाशों ने करीब 8.5 किलो सोना लूटा था। इसकी कीमत करीब नौ करोड़ रुपये आंकी गई है। शाखा में 1250 पैकेटों में सोने के आभूषण रखे हुए थे। इनमें से 323 पैकेट बदमाश लूट कर ले गए थे। यह खुलासा मणप्पुरम गोल्ड लोन शाखा अधिकारियों के ऑडिट में हुआ है। ऑडिट में सामने आया कि कंपनी के कर्मचारियों के रूप में बदमाशों ने शाखा में प्रवेश किया। उन्होंने गले में मणप्पुरम कंपनी का रिबन गले में डाल रखा था और खुद को ऑडिटर बताया था।
मणप्पुरम गोल्ड लोन की शाखा में डकैती डालने आए बदमाशों में एक सरदार की वेशभूषा में था। वह करीब 5.30 बजे अंदर आया। उसने खुद को ऑडिटर बताया। उसने सहायक मैनेजर श्रीकृष्णा से कैश गिनने को कहा। कुछ देर में पांच युवक शाखा में आ गए। इसी दौरान बदमाशों ने गन की बट मारकर श्रीकृष्ण व गिरेंद्र सिंधू को घायल कर दिया। वहीं, एक बदमाश ने सिक्योरिटी गार्ड प्रद्युमन पटेल के सिर में बट मारकर घायल कर दिया। सहायक मैनेजर श्रीकृष्ण ने बताया कि ऑडिट व जांच के बाद पता चला है कि शाखा में कुल 32 किलो सोना रखा हुआ था। शनिवार की शाम को हुई डकैती के दौरान बदमाश 8.5 किलो सोना लूट ले गए।
25 से कम उम्र के थे बदमाश
शाखा में सिक्योरिटी गार्ड मध्यप्रदेश निवासी प्रद्युमन पटेल ने बताया कि उसकी नाइट शिफ्ट थी। वह 5:30 बजे से पहले ही शाखा में पहुंचे गए थे। पांच बदमाशों में से तीन बदमाश सेफ रूम में चले गए। दो बदमाश बाहर रहे। एक बदमाश ने उन्हें चुपचाप बैठे रहने के लिए कहा। जब विरोध किया तो सिर पर बट मारकर घायल कर दिया। पिस्तौल को कनपटी पर लगाकर बदमाश ने कहा कि गोली मार दूंगा। प्रद्युमन पटेल ने बताया कि पांचों बदमाश 21 से 25 वर्ष के थे। वे हिंदी में बात कर रहे थे, जिसमें हरियाणवी का मिश्रण था।
दरवाजा 30 सेकंड में बंद नहीं होने पर बजा अलार्म
मणप्पुरम गोल्ड लोन शाखा के सेफ हाउस का दरवाजा 30 सेकंड से ज्यादा खुला रहता है तो अलार्म बज जाता है। ऐसा ही वारदात के दौरान हुआ। जब सेफ हाउस का दरवाजा 30 सेकंड से अधिक समय तक खुला रहा तो अपने आप ही अलार्म बज गया। सिक्योरिटी गार्ड ने बताया कि यह अलार्म दिन या रात के समय भी अपने आप बजता रहता है। ऐसे में वारदात के दौरान जब अलार्म बजा तो आसपास दुकानों व कार्यालयों के लोगों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया और बदमाश डकैती की वारदात को अंजाम देकर आराम से भाग गए।
सोमवार को शाखा में आए कई ग्राहक
सोमवार को कार्य दिवस होने के चलते काफी ग्राहक मणप्पुरम गोल्ड लोन शाखा में अपने रखे हुए सोने की जानकारी लेने पहुंचे। शाखा के स्टाफ ने सभी ग्राहकों से कहा है कि उनके सोने का इंश्योरेंस है और उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है। ग्राहकों को पर्चियां बनाकर दी जा रही हैं। कंपनी की तरफ से ग्राहकों को बीते शनिवार के रेट के हिसाब से पूरी पेमेंट या फिर सोना वापस करने का आश्वासन दिया है।
डकैती मामले की जांच के लिए सेक्टर-5 पांच थाने की तीन टीमों के साथ ही सीआईए की कई टीमें जांच में जुटी हैं। सड़क के दोनों ओर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही हैं। अभी तक जांच में सामने आया है कि डकैती के बाद बदमाश पैदल ही भागे थे। सीसीटीवी कैमरों में देखा जा रहा है कि इसके बाद वे किस वाहन में सवार हुए हैं। -सतीश, जांच अधिकारी