पीएम के जन्मदिन पर झाडू लगाई, लेकिन समस्या वाले क्षेत्रों से दूर रहे जनप्रतिनिधि
शिवाजी नगर, राजीव हॉल, झाड़सा, राजेंद्र पार्क, सेक्टर 104 के लोगों की अभियान चलाने की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर सेवा पखवाड़ा शुरू किया गया। मंत्रियों, सांसदों, विधायकों के जगह जगह कार्यक्रम हुए। इसके उलट गंदगी और दुर्गंध से जूझ रहे लोगों ने राजनेताओं से गुहार लगाई कि उनके यहां भी सफाई अभियान चलाएं ताकि अफसरों का ध्यान उनके क्षेत्र पर भी पड़े और गंदगी से निजात मिल सके।
पुलिस कमिश्नर कार्यालय के सामने शिवाजी नगर में राजीव हॉल के पास कचरे के ढेर के बीच से निकलते लोगों ने कैबिनेट मंत्री से मांग की कि सफाई अभियान चलाना है तो यहां चलाएं। कम से कम कचरा तो उठेगा। यहां से निकल रहे संजीव दहिया ने कहा कि सेवा पखवाड़ा में केवल साफ जगह ही चुनी गई, जबकि जरूरत ऐसी जगहों की है, जहां से हजारों लोग गंदगी के बीच से निकल रहे हैं। राजेंद्र पार्क में छह माह से सीवर की दुर्गंध झेल रहे रामकृष्ण सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री ने दस दिन पहले स्वच्छता अभियान शुरू किया, लेकिन 10 दिन में नगर निगम कर्मी आए, न ही जीएमडीए के कर्मचारी। सीवर के कारण लोगों ने उनके घर आना छोड़ दिया। यही हाल सेक्टर 104 का है, जहां सर्विस लेन पर सीवर लाइन टूट जाने के कारण सीवर भरा हुआ है। एमरल्ड वे सोसाइटी के लोग यहां द्वीप जैसे हालातों में फंसे हुए हैं। दुर्गंध के कारण फ्लैट में रहना मुहाल है।
सेवा पखवाड़ा में कैबिनेट मंत्री ने शुरू किया स्वच्छ उत्सव
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। प्रदेश के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने बादशाहपुर में नगर निगम के स्वच्छ उत्सव की शुरुआत की। पीएम के जन्मदिन पर सेवा पखवाड़ा के तहत कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन देश की तस्वीर बदलने वाला अभियान बना है। शौचालय निर्माण, सफाई और जागरूकता से लोगों की सोच में सकारात्मक बदलाव आया है। गुरुग्राम जैसे एनसीआर के प्रमुख जिले को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने में सबकी भागीदारी जरूरी है। स्वच्छता केवल प्रतीकात्मक कार्यक्रम नहीं बल्कि जीवनशैली का हिस्सा बननी चाहिए। राव ने कहा कि ड्रेनेज नेटवर्क की सफाई का काम जारी है। कार्यक्रम में लोगों ने स्वच्छता की शपथ ली। विशेष आकर्षण स्वच्छता ताऊ के साथ फोटो खिंचवाने की होड़ रही। इस दौरान निगमायुक्त प्रदीप दहिया, अतिरिक्त निगमायुक्त रविन्द्र यादव, संयुक्त आयुक्त डॉ. नरेश कुमार, एसडीएम संजीव सिंगला पार्षद ज्योति सुमित जैलदार, विक्रमजीत सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।
-
फर्रुखनगर में सांसद सुनीता दुग्गल ने किया पौधारोपण
संवाद न्यूज एजेंसी
फरूर्खनगर। पीएम के जन्मदिन पर फरूर्खनगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सिरसा की सांसद सुनीता दुग्गल ने एक पेड़ मां के नाम लगाया और झाड़ू लगाकर स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया। भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों की मौजूदगी सांसद सुनीता दुग्गल ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन और पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी योजनाएं नहीं, बल्कि हर नागरिक का नैतिक दायित्व है। इस दौरान एसएमओ कृष्णा मलिक, पूर्व पार्षद हेमवती, चेयरमैन बिरेंद्र यादव, पार्षद बलजीत सैनी, दौलतराम, पार्षद रामबीर यादव, शिवचरण सीमार, पूर्व सरपंच धर्मेंद्र, नपा अध्यक्ष बीरबल, उपाध्यक्ष प्रदीप यादव, पार्षद देविंदर कौशिक, पूर्व सरपंच विकास यादव आदि मौजूद रहे।