-लंबे समय से पुरानी व जर्जर हो चुकी इमारत में चल रहा है पीडब्ल्यूडी कार्यालय
दिनेश देशवाल
नूंह। सरकारी विभागों को कार्यालय व आवास के लिए इमारतें बनाकर देने वाला जिले का पीडब्ल्यूडी विभाग खुद लंबे समय से जर्जर इमारत में अपना कार्यालय व कर्मचारियों के लिए आवास के लिए मजबूर है। लेकिन अब बहुत जल्द इस विभाग के दिन फिरने वाले है, क्योंकि सरकार ने नूंह में मिनी निर्माण सदन के लिए 13 करोड़ 34 लाख 35 हजार रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इससे जिला मुख्यालय पर दो मंजिला भव्य कार्यालय बनाया जाएगा।
बता दें कि नूंह जिला मुख्यालय पर पीडब्ल्यूडी विभाग का कार्यालय लंबे समय से एक पुरानी इमारत में चल रहा है। जिसमें विभाग के कार्यकारी अभियंता निर्माण, नूंह सब डिवीजन के एसडीओ तथा इलेक्ट्रिकल विंग के अधिकारी व कर्मचारी बैठते है। यह इमारत पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है तथा इसका काफी हिस्सा बंद कर दिया गया है, ताकि कोई दुर्घटना न घट जाए। इतना ही नहीं फिलहाल जो कार्यालय है, उसमें कम स्थान होने के कारण एक ही कक्ष में कई-कई कर्मचारी बैठते है तो स्थान कम होने के कारण कुछ कर्मचारी कभी किसी की कुर्सी तो कभी किसी की कुर्सी पर बैठे देखे जा सकते है।
दो मंजिला बनेगा मिनी निर्माण सदन:
सरकार ने करीब साढ़े 13 करोड़ रुपए की राशि को मिनी निर्माण सदन के लिए प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। जिसमें कार्यकारी अभियंता निर्माण का कार्यालय, नूंह सब डिवीजन के एसडीओ कार्यालय तथा इलेक्ट्रिकल विंग के लिए कार्यालय बनाया जाएगा। दो मंजिला बनाए जाने वाली इमारत में सभी आधुनिक सुविधाएं मौजूद रहेंगी। जिसके चलते न केवल विभाग की कार्य क्षमता में बढ़ोतरी होगी, बल्कि सुविधाएं मिलने से यहां पर स्टाफ भी पर्याप्त संख्या में आ सकेगा जो सरकारी योजनाओं के क्रियान्व्यन में तेजी लाने का काम करेगा।
इमारत जर्जर और नीची:
जहां पर पीडब्ल्यूडी का कार्यालय चल रहा है, वह इमारत काफी पुरानी होकर जर्जर हो चुकी है। साथ ही उसका स्तर पुराने दिल्ली अलवर रोड से नीचा हो गया है। जो आने वाले बरसाती सीजन में जलभराव की समस्या का सामना करेगा।
कार्यालय का नक्शा व डीपीआर बनने की प्रक्रिया चल रही है, जैसे ही ये फाइनल हो जाता है तो निर्माण के लिए टेंडर छोड़ा जाएगा। इसके साथ ही आवासीय कालोनी और रेस्ट हाऊस के निर्माण के लिए भी फाइल चली हुई है। उम्मीद है उसकी भी जल्द मंजूरी मिल जाएगी।
-सज्जन सिंह, कार्यकारी अभियंता पीडब्ल्यूडी, नूंह।