नाक जाम, सूखी खांसी, साइनस, गले में दर्द और एलर्जी की समस्या तेजी से बढ़ रही
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। मिलेनियम सिटी की हवा में लगातार बढ़ रहे प्रदूषण ने शहरवासियों की सेहत पर गंभीर असर डालना शुरू कर दिया है। जहरीली हवा के बढ़ते स्तर के कारण सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल की जनरल ओपीडी में मरीजों की संख्या अचानक तेजी से बढ़ गई है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, रोजाना 100 से 150 तक मरीज नाक जाम, सूखी खांसी, साइनस, गले में दर्द और एलर्जी जैसी समस्याओं के साथ इलाज के लिए पहुंच रहे हैं।
चिकित्सकों का कहना है कि प्रदूषित हवा में मौजूद महीन कण श्वसन तंत्र पर सीधा प्रभाव डाल रहे हैं। इससे सांस लेने में दिक्कत के अलावा गले में जलन, आंखों में खुजली और एलर्जी संबंधी परेशानियां बढ़ गई हैं। कमजोर प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों, बच्चों और बुजुर्गों पर इसका प्रभाव ज्यादा देखा जा रहा है।
करें यह काम
-मास्क का इस्तेमाल
-घर को खिड़की-दरवाजे रखें बंद
-गला खराब होने पर स्टीम लें
-तुरंत चिकित्सक को दिखाएं
जहरीली हवा होने से लोगों में गले की एलर्जी, खराश, जुकाम और सांस संबंधी दिक्कतें बढ़ रही हैं। इसके चलते अस्पतालों की ओपीडी में मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ गई है। खराब वायु गुणवत्ता खासकर बच्चों, बुजुर्गों और अस्थमा के मरीजों में यह समस्या और बढ़ गई है। - डाॅ. लोकवीर, पीएमओ नागरिक अस्पताल