गुरुग्राम। मिड-डे-मील की कढ़ी में चूहे के मिलने की घटना के बाद जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सरोज दहिया ने कार्रवाई करते हुए इस्कॉन समिति को निर्देश जारी किए हैं और भोजन व्यवस्था में तत्काल सुधार करने को कहा है। इसके साथ ही खंड शिक्षा अधिकारी सुदेश राघव को भी जांच करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
सरोज दहिया ने बताया कि छात्रों के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। इसी क्रम में स्कूल से लिए गए भोजन के सैंपल को जांच के लिए अधिकृत लैब में भेज दिया गया है, ताकि वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित संस्था व जिम्मेदार अधिकारियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
शिक्षा विभाग मिड-डे-मील उपलब्ध कराने वाली समिति को चेतावनी दी है कि भविष्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जा सकती है। साथ ही सभी स्कूलों में भोजन वितरण पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। संवाद