सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और गैर-कानूनी सामग्री प्रसारित करने का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और गैर-कानूनी सामग्री प्रसारित करने के मामले में साइबर थाना पुलिस की कार्रवाई के बाद मेवाती सिंगर असलम को शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इससे पहले पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी को गिरफ्तार किया था।
पुलिस के अनुसार, असलम के यूट्यूब चैनल असलम सिंगर जमीदार टॉपिक पर अपलोड एक गाने में अवैध गतिविधियों को बढ़ावा देने वाली सामग्री पाई गई। शिकायत में आरोप है कि गाने में अवैध हथियारों का महिमामंडन, रंगदारी और गोलीबारी जैसी घटनाओं का उल्लेख किया गया है, जिससे समाज में भय का माहौल बन सकता है और युवाओं पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। जिला पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस तरह की सामग्री के प्रसार में और कौन-कौन शामिल हैं। एसपी डॉ. अर्पित जैन के निर्देश पर सोशल मीडिया पर आपराधिक प्रवृत्तियों को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। साथ ही संबंधित यूट्यूब चैनल और फेसबुक अकाउंट को बंद कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और निगरानी बढ़ा दी गई है।
फोटो - पुलिस गिरफ्त में असलम सिंगर।