- मिलेनियम सिटी सेंटर से सेक्टर नौ तक पहले चरण में चल रहा निर्माण कार्य
फोटो
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो परियोजना के पहले चरण में मिलेनियम सिटी सेंटर से सेक्टर-नौ तक 14 मेट्रो स्टेशनों की जगह चिह्नित कर निर्माण कार्य के लिए बैरिकेटिंग की जा रही है। ऐसे अब लोगों को स्टेशनों के बारे में वास्तविक जानकारी मिल रही है। ओल्ड गुरुग्राम को जोड़ने वाली 28.05 किलोमीटर लंबी मेट्रो में मिलेनियम सिटी से साइबर सिटी तक कॉरिडोर का निर्माण होना है।
गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) ने पहले चरण में मिलेनियम सिटी सेंटर से सेक्टर 9 तक सेक्टर 44 से नेताजी सुभाष रोड पर निर्माण कार्य शुरू कराया गया है। इसके तहत सेक्ट-44 में अब पिलर निर्माण पर कार्य शुरू होगा। अभी सड़क के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर सड़क के सेंट्रल वर्ज को तोड़ा जा रहा है। इसके बाद पिलर निर्माण शुरू होगा। हालांकि सड़क पर बैरिकेट लगने से यातायात प्रभावित हो रहा है।
जीएमआरएल के अनुसार निर्माण शुरू होने पर वाहनों को सर्विस रोड पर भी डायवर्ट किया जाएगा। इसके साथ ही इस कॉरिडोर पर जहां पर स्टेशनों का निर्माण होना है। वहां पर पेड़ काटकर बैरिकेटिंग की जा रही है। इसके बाद इन जगहों की सीवर-पानी की लाइनों को शिफ्ट किया जा रहा है। पहले चरण में मिलेनियम सिटी मेट्रो स्टेशन, सेक्टर-45, साइबर पार्क, सेक्टर 47, सुभाष चौक, सेक्टर-48, सेक्टर-72 ए, हीरो होंडा चौक, उद्योग विहार फेज- 6, सेक्टर-10, सेक्टर-37, बसई गांव, सेक्टर-9, द्वारका एक्सप्रेसवे (सेक्टर 101) शामिल है।