दिलीप बिल्डकॉन को मिला काम, सेक्टर-33 में बनेगा डिपो, कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो परियोजना के तहत सेक्टर-33 में बनने वाले डिपो एवं वर्कशॉप के निर्माण का जिम्मा दिलीप बिल्डकॉन लिमिटेड को सौंपा गया है। करीब 419 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस डिपो का निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है। संबंधित एजेंसी को 21 माह के भीतर निर्माण पूरा करना होगा।
गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) की ओर से सेक्टर-33 में डिपो एवं वर्कशॉप के निर्माण के लिए टेंडर 16 जून को जारी किया गया था। पांच अगस्त को खोले गए टेंडर में छह कंपनियों ने बिड जमा की थी। इनमें दिलीप बिल्डकॉन लिमिटेड, जीएचवी (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड, केएसएम बशीर मोहम्मद एंड संस, पर्णिका कमर्शियल एंड एस्टेट्स प्राइवेट लिमिटेड, रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल) और यूआरसी कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड शामिल थीं। इसके लिए जीएमआरएल ने 409.78 करोड़ करोड़ का टेंडर जारी किया था। हालांकि दिलीप बिल्डकॉन को निर्माण कार्य करीब 419 करोड़ में आवंटित किया गया है।
डिपो में मेट्रो ट्रेनों की पार्किंग, रखरखाव, संचालन और प्रबंधन से जुड़ी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके अलावा प्रशासनिक भवन और अन्य जरूरी ढांचों का भी निर्माण होगा। एलिवेटेड कॉरिडोर से जुड़े सिविल और आर्किटेक्चरल कार्य भी परियोजना का हिस्सा होंगे। वर्तमान में गुरुग्राम मेट्रो परियोजना के पहले चरण में मिलेनियम सिटी सेंटर से सेक्टर-9 तक एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण कार्य चल रहा है। इसके साथ ही बसई से सेक्टर-101 तक स्पर लाइन भी बनाई जा रही है। पहले चरण में मिलेनियम सिटी सेंटर, सेक्टर-45, साइबर पार्क, सेक्टर-47, सुभाष चौक, सेक्टर-48, सेक्टर-72ए, हीरो होंडा चौक, उद्योग विहार फेज-6, सेक्टर-10, सेक्टर-37, बसई गांव और सेक्टर-9 में मेट्रो स्टेशन प्रस्तावित हैं। बता दें कि मेट्रो के पहले चरण का निर्माण कार्य का ठेका दिलीप बिल्डकॉन को मिला हुआ है।
दूसरे चरण के टेंडर की समय सीमा बढ़ाई
जीएमआरएल ने सेक्टर-9 से साइबर सिटी तक मेट्रो के दूसरे चरण के लिए करीब 1662 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया हुआ है। इसकी बिड जमा करने की अंतिम तिथि 14 नवंबर से बढ़ाकर दो दिसंबर कर दी गई है। दूसरे चरण में सेक्टर-7, सेक्टर-4, सेक्टर-5, अशोक विहार, सेक्टर-3, बजघेड़ा रोड, पालम विहार एक्सटेंशन, पालम विहार, सेक्टर-23ए, सेक्टर-22, उद्योग विहार फेज-4, उद्योग विहार फेज-5 और साइबर सिटी स्टेशन शामिल होंगे। इस चरण में यूटिलिटी शिफ्टिंग का कार्य अलग से आवंटित किया जाएगा। इसके लिए चार कंपनियों ने रुचि दिखाई है। इनके कागजातों की जांच चल रही है। जीएमआरएल जल्द कार्य अलॉट करने की तैयारी में है।