उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह व मुंबई से साइबर सिटी पहुंची अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा ने किया योग
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को ताऊ देवीलाल स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एक पृथ्वी-एक स्वास्थ्य के साथ वैश्विक एकता व योग युक्त-नशा मुक्त हरियाणा का भी संदेश दिया गया। इस अवसर पर प्रदेश के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम की शुरूआत की। उधर, मुंबई से पहुंची अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा ने भी साइबर सिटी के लोगों के साथ योग किया। इसके अलावा जिले की विभिन्न संस्थाओं व संगठनों ने भी उत्साह के साथ योग दिवस मनाया।
ताऊ देवी लाल स्टेडियम में योग दिवस की शुरुआत जय-जय हरियाणा राज्य गीत से हुई। इसके पश्चात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सैनी के संबोधन का लाइव प्रसारण दिखाया गया। मंत्री ने पर्यावरण संरक्षण व पॉलीथिन मुक्त गुरुग्राम का आह्वान भी किया और हर नागरिक से वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाने का संकल्प लेने को कहा।
-
मलाइका अरोड़ा व सोनल चौहान संग किया योग
गुरुग्राम। बॉलीवुड अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा योग दिवस मनाने के लिए करने के लिए साइबर हब पहुंचीं। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बॉलीवुड अभिनेत्री और फिटनेस आइकन मलाइका अरोड़ा ने मौजूद लोगों को कई योगासन कराए। साथ ही लोगों को अपनी ऊर्जा और उत्साह से प्रेरित भी किया। इस दौरान मलाइका ने कहा कि योग से न सिर्फ आपका स्वास्थ्य सही रहेगा बल्कि तनाव को कम करने में और मन को शांत रखने में भी योग मदद करता है। वहीं, सेक्टर-70 स्थित एलान एपिक मॉल में योग दिवस पर एलान ग्रुप की ओर से सोलसेट’ नामक वेलनेस और लाइफ स्टाइल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अजर्नी विदिन थीम पर आधारित इस कार्यक्रम की शुरुआत बॉलीवुड अभिनेत्री सोनल चौहान के योग सत्र से हुई। सोनल ने मानसिक शांति और हेल्दी जीवनशैली को अपनाने का संदेश दिया। शेफ अभिनव शर्मा ने स्मूदी व सलाद वर्कशॉप के जरिये पोषण संबंधी जानकारी साझा की। संवाद
नशे और मोबाइल की लत से दूर रहने की अपील
पटौदी/सोहना/फर्रुखनगर। योग दिवस के अवसर पर जिले में खंड स्तर पर विशेष योग कार्यक्रमों का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। पटौदी, सोहना और फर्रुखनगर खंडों में हुए आयोजनों में स्कूली छात्र-छात्राओं, नागरिकों, प्रशासनिक अधिकारियों और योग प्रशिक्षकों ने भाग लिया। पटौदी खंड में आयोजित कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विधायक बिमला चौधरी ने योग को भारतीय जीवन शैली की मूल आत्मा बताते हुए इसे मानव और प्रकृति के बीच संतुलन स्थापित करने वाला विज्ञान बताया। सोहना खंड में विधायक तेजपाल तंवर ने योग को शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का माध्यम बताया। फर्रुखनगर में विधायक मुकेश शर्मा ने कहा कि योग भारत की अमूल्य देन है। संवाद
-
योग दिवस पर निकाली हेरिटेज वॉक
फर्रूखनगर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर फर्रूखनगर स्थित ऐतिहासिक शीश महल में पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग, हरियाणा द्वारा योग सत्र और हेरिटेज वॉक का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में ओ पॉज ट्रैवल एक्सपीरियंस और इंटैक चैप्टर ने सहयोग किया। योग सत्र का नेतृत्व योग प्रशिक्षक संगीता सक्सेना ने किया।
-
योग का बताया महत्व
सोहना। शनिवार को योग दिवस पर सेंट्रल पार्क फ्लावर वैली सोसाइटी में शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान योगाचार्यों ने लोगों को योग कराया व योग की महत्ता बताई। इस अवसर पर जिले सिंह कोच, संदीप ढुल, नितेश, काजल सिन्हा, हिना अरोड़ा, सुमन पाहवा आदि मौजूद रहे। वहीं, इस अवसर पर जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की ओर से जिलेभर में सामूहिक योग शिविरों एवं विधिक जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया संवाद
पुलिस आयुक्त ने कर्मियों संग किया योग
गुरुग्राम। योग दिवस पर गुरुग्राम पुलिस ने तीन स्थानों पर योग कार्यक्रम आयोजित किए। पुलिस लाइन मानेसर, पुलिस लाइन गुरुग्राम और ताऊ देवीलाल स्टेडियम में योग अभ्यास कराया। पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा ने कर्मचारियों संग योग कर उन्हें नियमित योग अपनाने के लिए प्रेरित किया। पुलिस लाइन मानेसर में डीसीपी दीपक कुमार ने तनावमुक्त जीवन के लिए योग की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं, एंबियंस मॉल में योग दिवस के अवसर पर फिटनेस फर्स्ट के सहयोग से योग सत्र आयोजित किया गया। संवाद
-
मजदूरों को योगासन सिखाए
गुरुग्राम। योग दिवस के अवसर पर चिंतामनी ग्रुप ने साइट पर अपने काम करने वाले मजदूरों के साथ मिलकर योग दिवस मनाया। इस दौरान मजदूरों को आसान योगासन सिखाए गए। ओरिस ग्रीनोपॉलिस में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर निवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। संवाद
-
स्कूल व कॉलेजों में मना योग दिवस
गुरुग्राम। गुरुग्राम यूनिवर्सिटी में योग दिवस के अवसर पर योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। छात्र कल्याण विभाग, एनएसएस, खेल एवं योग क्लब की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों व शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में कुलपति प्रो. संजय कौशिक, मुख्य संरक्षक और कुलसचिव डॉ. संजय अरोड़ा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं, द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय में भी योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके अलावा, सेक्टर-32 स्थित सी आर मॉडल स्कूल, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय व राजकीय महाविद्यालय सेक्टर-9 में भी योग दिवस का आयोजन किया गया। संवाद
-
डीपीजी डिग्री कॉलेज में कराया योगासन
गुरुग्राम। डीपीजी डिग्री कॉलेज में आईसीएमएआई (द इंस्टीट्यूट ऑफ कॉस्ट अकाउंट ऑफ इंडिया) के संयुक्त तत्वावधान में योग दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि डीपीजी डिग्री कॉलेज के चेयरमैन राजेंद्र गहलोत शामिल हुए। योग आचार्य सोनिका और कपिल देव राजपूत द्वारा उपस्थित लोगों को योगासन करवाया गया। इसमें प्रधानाचार्य डॉ. एसएस बोकेन, रजिस्ट्रार अशोक गोगियास, चौधरी प्रताप सिंह, डॉ. संगीता यादव, डॉ. माधवी, डॉ. अमिता सिंह स्टाफ एवं छात्रों ने कार्यक्रम में भाग लिया। इसके अलावा, कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। संवाद
-
प्राणायाम और ध्यान की सिखाईं विधियां
गुरुग्राम। योग दिवस पर नारायणा अस्पताल में योग सत्र का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में अस्पताल स्टाफ, मरीज, तीमारदार और वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योग सत्र का संचालन प्रमाणित योग विशेषज्ञ प्रीति टम्टा ने किया, जिन्होंने प्रतिभागियों को सरल योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियां सिखाईं। उन्होंने योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर बल दिया। संवाद