शनिवार सुबह ओल्ड रेलवे रोड पर हुआ हादसा, पुलिस ने कार को कब्जे में लिया
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। ओल्ड रेलवे रोड पर शिवमूर्ति चौक के पास शनिवार सुबह स्कूटी सवार बुजुर्ग को मर्सिडीज कार सवार ने जोरदार टक्कर मार दी। कार चालक स्कूटी सवार को करीब बीस मीटर तक घसीटता ले गया। हादसे में बुजुर्ग की मौत हो गई। वहीं, स्कूटी की चपेट में आने से एक अन्य युवक घायल हो गया। पूरी वारदात पास की दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सुभाष नगर निवासी राकेश (58) सुबह करीब साढ़े पांच बजे योग करने के लिए घर से निकले थे। जब शिवमूर्ति चौक को स्कूटी से पार कर रहे थे, तभी यूपी नंबर की मर्सिडीज ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि राकेश मरीज बीस मीटर तक घिसटते चले गए। हादसे में पैदल जा रहे अलवर निवासी राजेश भी चपेट में आ गए। उन्हें गंभीर चोटें आई हैं, उनका इलाज नागरिक अस्पताल में चल रहा है। वहीं, हादसा सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। इसमें एक्टिवा सवार राकेश को तेज रफ्तार मर्सिडीज टक्कर मारते हुए आगे निकल गई। टक्कर के बाद मर्सिडीज के बैलून भी खुल गए। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। न्यू कालोनी थाना पुलिस ने मर्सिडीज को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।