पुलिस ने आरोपी से नौ लाख रुपये नकदी बरामद की है। आरोपी के खिलाफ चोरी करने, डकैती करने सहित विभिन्न धाराओं के तहत हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान व उत्तर प्रदेश में 12 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को पांच दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान निकिल (21) निवासी कड़िया सांसी गांव, राजगढ़ (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई।
आरोपी से अब तक पूछताछ में पता चला कि वह अपने अन्य साथियों के साथ शादियों के सीजन में विभिन्न राज्यों में जाता है। मौका देखकर किसी भी शादी समारोह में घुस जाते हैं और वहां पर शादी समारोह के दौरान रुपयों का लेन-देन देखने वाले व्यक्ति की पहचान करके उसके आसपास रहते हैं। जब उक्त व्यक्ति आभूषण का बैग कहीं पर भी रखता है तो यह उसको चोरी करके वहां से भाग जाते हैं। नकदी व गहने चोरी मामले में एक अन्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
नवंबर 2025 में लग्न समारोह में हुई थी चोरी
29 नवंबर 2025 को एक व्यक्ति ने सोहना सिटी थाने में दी शिकायत में बताया था कि 28 नवंबर 2025 की रात को अग्रसेन भवन सोहना-पलवल रोड पर उसके लड़के का लग्न समारोह था। समारोह के दौरान उनका बैग जिसमें लाखों रुपये, गहने व अन्य समान था, कोई अज्ञात व्यक्ति चोरी करके ले गया।
शिकायत के आधार पर सोहना सिटी थाने में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने जब मामले की जांच की और वहां की रिकॉर्डिंग देखी तो दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को फरवरी माह में गिरफ्तार किया था।
आरोपी को पांच दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। अभी तक नौ लाख रुपये नकदी बरामद की जा चुकी है। अन्य नकदी व गहनों की बरामदगी व अन्य साथी आरोपियों के बारे में पूछताछ की जा रही है। - नवीन शर्मा, एसीपी अपराध-1, गुरुग्राम।