संवाद न्यूज एजेंसी नगीना।
जिले में संचालित बूचड़खानों की जांच के लिए जिला उपायुक्त 21 अगस्त को लघु सचिवालय के सभागार में सरपंचों की बैठक करेंगे। जिला उपायुक्त कार्यालय से सभी खंड एवं पंचायत अधिकारियों को दिशा निर्देश देते हुए बैठक में शामिल होने के लिए कहा गया है। बूचड़खानों से निकलने वाले प्रदूषण व दुर्गंध से परेशान जिले के लोगों ने जगह-जगह पंचायत कर इनके विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की थी। जिला प्रशासन व उच्च अधिकारियों को भी लिखित शिकायत देकर बूचड़खानों की जांच करने की अपील क्षेत्र के जिम्मेदार लोगों द्वारा की गई थी। अब मामले पर संज्ञान लेते हुए सरपंचों को सुझाव व विचार विमर्श के लिए बैठक में बुलाया गया है। हालांकि क्षेत्र के लोगों में बैठक के बाद ठोस कदम उठाये जाने की उम्मीद जगी है।
19 सरपंचों के साथ होगी जिला उपायुक्त की बैठक
जिला उपायुक्त कार्यालय की तरफ से जारी किए गए लेटर में 19 सरपंचों को बैठक में शामिल करने के लिए कहा गया है। बता दें कि दो दर्जन से अधिक बूचड़खानों की वजह से कई गांव में विभिन्न प्रकार की बीमारियां फैल रही हैं और कैंसर जैसी घातक बीमारियों से लोगों की जान जा रही है। क्षेत्र के जिम्मेदार लोगों का कहना है कि अगर इसी तरह नियमों को ताक पर रखकर चलते रहे तो बहुत सारे गलत परिणाम जिले के लोगों को भुगतने पड़ेंगे।