दवा वितरण काउंटरों पर घंटों लाइन में लगने की परेशानी से राहत मिलेगी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर-10 नागरिक अस्पताल में दवा वितरण काउंटरों के पास क्यूआर कोड लगाए गए हैं। इनके माध्यम से मरीज दवाइयों की उपलब्धता की जानकारी अपने मोबाइल पर प्राप्त कर सकेंगे। इलाज के लिए आने वाले मरीजों को अब दवा लेने के लिए लंबी लाइनों में लगने से पहले ही पता चल सकेगा कि डॉक्टर की ओर से लिखी गई दवा अस्पताल में उपलब्ध है या नहीं।
मरीज क्यूआर कोड को अपने मोबाइल से स्कैन कर अस्पताल में उपलब्ध दवाइयों के स्टॉक की जानकारी ले सकेंगे। इससे उन्हें दवा वितरण काउंटरों पर घंटों लाइन में लगने की परेशानी से राहत मिलेगी। साथ ही दवाइयों की उपलब्धता के बारे में बार-बार कर्मचारियों से पूछताछ भी नहीं करनी पड़ेगी।
अस्पताल में दवाइयों के स्टॉक और वितरण से संबंधित जानकारी ऑनलाइन दर्ज की जाती है। इससे दवा वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी और मरीजों को उपलब्ध स्टॉक की वास्तविक स्थिति का पता चल सकेगा। क्यूआर कोड की सुविधा से मरीजों और उनके परिजनों को काफी फायदा होगा। मोबाइल से कोड स्कैन कर आसानी से जानकारी प्राप्त की जा सकेगी। इससे मरीजों के समय की बचत होगी और अस्पताल में डिजिटल सुविधाओं के इस्तेमाल को भी बढ़ावा मिलेगा।
-
मरीजों की सुविधा के लिए सभी दवा काउंटरों पर दवा की उपलब्धता जानने के लिए क्यू आर कोड लगाए गए। जिसे मरीज स्कैन करे दवाइयों के स्टॉक के बारे में जान सकेंगे। - डॉ. मनीष राठी, डीएमएस, नागरिक अस्पताल