-सौरव देवतवाल बने प्लेयर ऑफ द मैच, वर्णित को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का पुरस्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। एमसीए क्रिकेट कप टूर्नामेंट में सेंचुरी ड्रीमर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एनएसके को नौ विकेट से हरा दिया। पहले गेंदबाजों ने एनएसके की टीम को 94 रन पर समेटा। इसके बाद बल्लेबाजों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 24.1 ओवर में एक विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। सौरव देवतवाल को चार विकेट लेने पर प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
35 ओवर के निर्धारित मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी एनएसके की टीम 23.3 ओवर में 94 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से गर्वित ने 23, रुद्रांश ने 18 और यश व गौरव ने 12-12 रन बनाए। सेंचुरी ड्रीमर की ओर से सौरव देवतवाल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट हासिल किए। सात्विक ने दो विकेट लिए, जबकि अर्थव जोहरी और जीविका को एक-एक विकेट मिला।
95 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंचुरी ड्रीमर की टीम ने शुरुआत से ही मजबूत बल्लेबाजी की। वर्णित ने नाबाद 61 रन की पारी खेलकर जीत में अहम योगदान दिया। सात्विक राज ने 20 रन बनाए। टीम ने 24.1 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 95 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। मैच में शानदार गेंदबाजी करने वाले सौरव देवतवाल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वर्णित को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, सौरव को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज और प्रत्युष को सर्वश्रेष्ठ फील्डर का पुरस्कार मिला। सेंचुरी ड्रीमर की जीत में गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन और वर्णित की नाबाद अर्धशतकीय पारी की अहम भूमिका रही।