टॉप-10 विजेताओं को छात्रवृत्ति और सर्टिफिकेट दिया जाएगा
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी गुरुग्राम। जिला शिक्षा संस्थान की ओर से शुक्रवार को गणित ओलंपियाड का आयोजन किया जाएगा। यह परीक्षा जिले के चयनित विद्यालयों में होगी, जिसमें कक्षा 1 से लेकर 12वीं तक के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों में गणित विषय के प्रति रुचि बढ़ाना, तार्किक क्षमता को परखना और कौशल विकास को प्रोत्साहित करना है। ओलंपियाड में विद्यार्थियों से कौशल आधारित प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रश्नपत्र को इस तरह से तैयार किया गया है कि वह केवल रटकर पढ़ने के बजाय विद्यार्थियों की समझ, विश्लेषणात्मक सोच और समस्या समाधान क्षमता को परख सके।
प्रतियोगिता के प्रश्नपत्र में 30 सवाल होंगे, जिसमें 20 बहु विकल्पीय और 10 व्यक्तिनिष्ठ सवाल होंगे। सवाल कक्षा पांच से सात के स्तर के होंगे। यह परीक्षा छात्रों के लिए बुनियादी गणित कौशल का मूल्यांकन करेगी। प्रतियोगिता के जिला स्तर पर टॉप 10 विजेताओं को विशेष छात्रवृति और मेरिट सर्टिफिकेट भी दिया जाएगा और अन्य प्रतिभागी डिजिटल सर्टिफिकेट भी प्राप्त कर सकेंगे। इसके साथ ही, गणित ओलंपियाड का फेज-3 प्रशिक्षण कार्यक्रम 8 और 9 अक्तूबर, 2025 को आयोजित किया जाएगा।