संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। गुरुग्राम विश्वविद्यालय में चार दिवसीय हिंदी उत्सव में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सेक्टर-9 राजकीय महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने प्राचार्या डॉ. नीलम दहिया के नेतृत्व में सफलता प्राप्त की। भाषण प्रतियोगिता में कॉलेज की छात्रा दिव्यांशी मिश्रा ने प्रथम पुरस्कार हासिल कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया। इसी तरह निबंध लेखन प्रतियोगिता में स्वाति पांडेय ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
स्वरचित कविता पाठ प्रतियोगिता में दीपांशु को द्वितीय पुरस्कार मिला। वहीं, निबंध प्रतियोगिता में दिव्यांशी मिश्रा को सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इन सभी प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुरुग्राम विश्वविद्यालय के कुलपति की ओर से सम्मानित किया गया।
चार दिवसीय हिंदी उत्सव के दौरान भाषण, निबंध, कविता पाठ और अन्य साहित्यिक गतिविधियों में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। गुरुग्राम विश्वविद्यालय से जुड़े विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए हिंदी भाषा की समृद्ध परंपरा और सांस्कृतिक महत्व को उजागर किया।